Tuesday, March 11, 2014

देश मे चुनावी सरगर्मी और देश की हालत

देश मे चुनावी माहौल गरमा रहा है । सभी राजनीतिक दल सत्ता पर आसीन होने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रहीं हैं । देश का लोकतन्त्र केवल सत्ता हासिल करने की होड तक सीमित होकर रह गया है । देश की चिंता, विकास, जनता की सेवा - जैसे विचार और सिद्धान्त नदारद हो गए हैं । सत्ता की भूख - प्यास ने सब कुछ भुला दिया है । तथाकथित दो बड़ी राजनीतिक पार्टियां - दोनों ही दिशा विहीन और लक्ष्य से भटक गई हैं । सारी राजनीतिक व्यवस्था घोटालों मे ही सिमटकर रह गई है । चाहे कोई भी पार्टी हो केवल सत्ता के लिए ही लालायित है । पैसा - पैसे से ताकत और फिर ताकत से पैसा - यही चक्र है जिसमें हर राजनेता उलझा हुआ है । देश - राष्ट्र और राष्ट्रीय चरित्र केवल किताबों मे  बंद हो कर रह गया है । विभाजन और विखंडन की राजनीति ही आज का मूल मंत्र है । जनता भी एक प्रकार से लाचार हो गई है । उनकी आवाज़ कोई सुनने वाला ही नहीं है । आंध्र प्रदेश का जिस तरह से विभाजन हुआ वह सिद्धांतविहीन सत्ता लोलुप मंशा की एक दुर्दांत कहानी है ।  न लोकतन्त्र का लिहाज और न ही दोनों पाक्स की भावनाओं और समस्याओंके प्रति संवेदनशीलता !ऐसी जल्दबाज़ी की कोई दूसरा न कहीं इस महा-विभाजन का श्रेय न ले ले । कितनी दयनीय हो गई है राष्ट्रीय पार्टी की हालत । बँटवारे मे दोनों पक्षों के हिट का ख्याल रखा जाना चाहिए लेकिन यहाँ तो सभी निर्णय एकतरफा और असंवेदनशील रहे । लोगों को मझधार मे छोड़कर अपनी गद्दी की दौड़ मे बेतहाशा दौड़ रहे हैं राजनेता। और फिर इतना होने और करने के बावजूद जो लक्ष्य था उसे तो कांग्रेस वाले हासिल ही नहीं कर पाए।
फिर यह अफरा-तफरी करने की क्याजरूरत थी ?
खैर अब जो हुआ सो हुआ लेकिन क्या दोनों प्रान्तों की जनता को इसके आगे सुशासन प्राप्त होगा ? पानी, बिजली, शिक्षा और रोजगार की समस्याएँ क्या खत्म होंगी या और अधिक बढ़ेंगी ? कहाँ से लाएंगी सरकारें
( दोनों ओर की ) इतनी नौकरिया, और धन - नई राजधानी का निर्माण,  और नए सिरे से एक राज्य को निर्मित करने का अभियान ? ये कैसा निर्णय है ?
सामान्य जनता मे घृणा और नफरत फैलाकर नफरत की राजनीति की नींव पर दो राज्यों का गठन क्या इतना जरूरी था ? क्या समझौते करने कराने के रास्ते सभी बंद हो गए थे या बंद कर दिये गए ? शांति स्थापित करने के लिए समय की आवश्यकता होती है, युद्ध तो एक पल मे घोषित हो सकता है लेकिन शांति वार्ता धीरे धीरे रंग लाती है और काफी समय लगता है इसे आत्मसात करने मे । फिर हम क्यों हम यह मौका  चूक गए ।
चुनाव के बाद क्या होगा ?
कांग्रेस, बीजेपी और आप - ये तीन पार्टियां देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ करती नजर आ रहीं हैं । और फिर प्रातीय पार्टियां - अपना राग अलग आलाप रहीं हैं । इधर की घटनाएँ - नौसेना मे सिलसिलेवार दुर्घटनाएँ - रक्षा उपकरणों की खरीदी मे विलंब और घोटाले - कितनी शर्मनाक स्थिति बना दी है हमारी सरकारों ने । देश की सुरक्षा व्यवस्था के साथ समझौता या कुशासन की अदूरदर्शिता के संक्रामक रोग से ग्रस्त यह सरकार - अपने ही सैनिकों की हत्या कर रही है । आई एन एस सिंधुरत्न पर हुई दुर्घटना और फिर उसी क्रम मे अन्य दुर्घटनाओं मे मृत नौसैनिक - हमारी रक्षा नीतियाँ क्या इतनी बदहाल हैं ? क्या हम समय रहते और पहले से अपनी सेनाओं को आधुनिकतम हथियारों और अन्य उपकरणों से लैस नहीं कर सकते ?
देश की रक्षा के लिए हम क्यों समुचित धनराशि मुहैया कराने मे असमर्थ हो रहे हैं ?
आम जनता बहुत ही उलझन भरी मानसकिता से गुजर रही है ,उद्भ्रांतियां ही उद्भ्रांतियां  हैं चारों ओर ।
ये रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री, गृह मंत्री और प्रधान मंत्री - आदि क्या कर रहे हैं ?

Saturday, October 19, 2013

Congratulations ! Eleanor Catton for receiving the Man Booker Prize of Literature for the year 2013.

The Man-Booker Prize for Literature for 2013 has been awarded to Ms Eleanor Catton of New Zealand. She is the youngest writer ( 28 yrs ) ever to receive this prestigious award in the history of this award. She has been chosen for this award for her voluminous historical novel ' The Luminaries'. She will be the last of the recipients as a citizen of commonwealth, as this award shall be open to all from 2014. Till now the Man-Booker Prize is intended for the citizens of commonwealth, Ireland and Zimbaabve. This restriction shall be removed from next year, thereby this privilege shall not be available to the citizens of commonwealth. The said novel novel is huge in its size as it runs in 859 pages. The novel unfolds the true story which takes place in 1866 in New Zealand. A group of 12 men joined by a foreigner Walter moody go in for Gold Rush. The novel depicts the intrigues and the hidden agenda of each other of the group to collect the gold.
We congratulate Ms Eleanor Catton on this occasion.
M Venkateshwar.   

ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित गांधीवादी तेलुगु कथाकार ' रावूरि भारद्वाज ' को विनम्र श्रद्धांजलि

कल रात अकस्मात खबर मिली कि हैदराबाद के एक अस्पताल मे ' रावूरि भारद्वाज ' का निधन हो गया । अरुणाचल प्रदेश के राजीव गांधी विश्वविद्यालय परिसर मे स्थित अतिथिगृह के अपने कमरे के एकांत मे जब मैं अपने अरुणाचल प्रवास के संस्मरणों को कलमबद्ध करने का प्रयास कर रहा था तो इस खबर ने मुझे हतप्रभ कर दिया और मैं भावुक होकर रावूरि भारद्वाज के सादगी भरे उदार  व्यक्तित्व और उनके सामाजिक सरोकार से युक्त कथा साहित्य की उदात्तता के चिंतन मे खो गया। रावूरि भारद्वाज को मैंने हमेशा एक संत के रूप मे देखा है । उनकी जुझारू और श्रम पूर्ण गरिमामय कद काठी - उनके जीवन के दुर्धर्ष संघर्ष को बिना किसी दुराव या छिपाव के व्यक्त करती रही । उनकी अति साधारण जीवन शैली और और उनकी गरिमामय वाणी ने आज़ादी के बाद की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है । अपनी कहानियों से वे आम आदमी के बहुत करीब रहे । वे सच्चे अर्थों मे एक स्थितप्रज्ञ संत थे। श्रमिक और मजदूर जीवन से गुजरते हुए उन्होने स्वाध्याय और स्वानुभव से जीवन की विसंगतियों को ही अपना पाठ प्रदर्शक स्वीकार कराते हुए कबीर और वेमना, रविदास और दादू के पद चिह्नों पर चलते हुए गरीबों के हिमायती बनाकर आजीवन मानवीय मूल्यों के लिए संघर्षरात रहे । उनका कथा साहित्य ( कहानी और उपन्यास ) दोनों सर्वहारा वर्ग के शोषण और उत्पीड़न की कहानी कहता है । हाल ही मे तेलुगु साहित्य को उनके आजीवन योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार ने प्रतिष्ठात्मक ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया । यह उनके जीवन के अंतिम दिनों मे उन्हें नसीब हुआ । एक तरह से उनकी उपेक्षा होती रही लेकिन उन्होने कभी पुरस्कारों की राजनीति के अंग नहीं बने। वे आजीवन मौन मुनि बनकर साहित्य सृजन मे लगे रहे । सक्रिय काल मे वे आकाशवाणी से जुड़े रहे । तेलुगु मे आकाशवाणी के लिए उन्होने बाल कार्यक्रम ' बाला नंदम ' की परिकल्पना उन्होने ही की थी जो कि आज भी लोकप्रिय है और आकाशवाणी के लोकप्रिय कार्यक्रमों मे अपनी विशेष पहचान रखती है । फिल्मी जगत की विसंगतियों पर उनका उपन्यास ' पाकुडु राल्लु '  आधुनिक तेलुगु उपन्यास साहित्य मे मील का पत्थर माना गया है । ज्ञानपीठ पुरस्कार प्राप्त कर उन्हें संतोष का अनुभव हुआ और वे बहुत प्रसन्न थे ।  ज्ञानपीठ पुरस्कार से इधर मीडिया मे वे काफी चर्चित होने लगे थे ।  यह अत्यंत दुख और चिंता का विषय है कि उनके निधन का समाचार और उनके प्रति किसी राष्ट्रीय समाचार पत्रों और टीवी चैनलों ने नहीं प्रसारित किया । ( अब तक - इस लेख के लिखे जाने तक )आखिर यह उपेक्षा क्यों ? भारतीय भाषाओं के लेखकों ( साहित्यकारों ) के प्रति यह उपेक्षा का भाव मन को दुखी करता है । इस अकिंचन की ओर से उस साहित्यकर्मी, समाज के उपेक्षित वर्ग के मसीहा को नमन । उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि ।
एम वेंकटेश्वर   
रांझणा : एक बनारसी प्रेमकथा का दुर्दांत राजनीतिक अंत
-       एम वेंकटेश्वर

रांझणा वर्ष 2013 की एक नए तेवर की रोमांटिक फिल्मी ड्रामा है जिसमें  इश्क सर चढ़कर बोलता है ।  बहुत अरसे के बाद एक दु:खांत प्रेम  कहानी लीक से हटकर आई है जो हिन्दी और तमिल दोनों भाषाओं मे रिलीज़ हुई  है ।  यह फिल्म मूलत: हिंदी मे निर्मित है साथ ही इसे तमिल मे डब  किया गया है । इस फिल्म का कथा नायक बनारस मे बसे एक तमिल पण्डित का पुत्र है और इस पात्र के लिए तमिल के मशहूर अभिनेता ' धनुष ' को चुना गया है । ' धनुष ' का हिंदी का लहजा मनोरंजक और आकर्षक भी है ।  यह फिल्म एक ट्रेजिडी है जिसमें अंत मे नायक और सहनायक दोनों की मौत हो जाती है । नायिका अकेली रह जाती है जो कि अपने ही कर्मों का फल भोगने के लिए अभिशप्त है । नायक धनुष का मार्मिक अंत जो कि राजनीति से प्रेरित है, दर्शकों को भावुकता के चरम पर ले जाता
है । फिल्म का नायक ' कुन्दन '  ( धनुष ) ही प्रेम में हारा हुआ, जान गँवाने वाला रांझणा है ।   इस फिल्म की कहानी बनारस के  जनजीवन से निकलकर देश की राजधानी के ' जे एन यू और दिल्ली विश्वविद्यालयों '  की छात्र राजनीति में उलझकर अंत मे एक बड़े राजनीतिक दल के षडयंत्र का शिकार हो जाती है । फिल्म में घटना चक्र नाटकीय अंदाज मे बहुत तेजी से बदलते जाते हैं जो दर्शकों की उत्सुकता को बनाए रखता है ।
बनारस की गलियों में मौज मस्ती करता हुआ युवाओं का एक झुंड है जिसमे कुन्दन ( धनुष ) अपने मित्र मुरारी ( मोहम्मद जीशान आयूब ) के साथ कभी गंगा के घाटों पर तो कभी सड़कों पर लड़कियों का पीछा करते, नाचते, गाते मस्ती के रंग में डूबे रहते हैं । कुन्दन बचपन में एक मुसलमान प्रोफेसर की लड़की ज़ोया  (सोनम कपूर ) को देखकर आकर्षित होता है और  किशोरावस्था में ज़ोया से  गली मोहल्ले में छेड़खानी करता है, बदले में उससे कई बार थप्पड़ खाता है लेकिन वह ज़ोया का पीछा नहीं छोड़ता, क्योंकि उसे ज़ोया से प्यार हो गया है । लेकिन ज़ोया उसके प्रेम को केवल शरारत समझकर गंभीरता से नहीं लेती । उसके माता-पिता उसे स्कूली पढ़ाई के बाद कॉलेज की पढ़ाई के लिए अलीगढ़ भेज देते हैं । वहाँ जाकर ज़ोया कुन्दन को भूल जाती है लेकिन बनारस में युवक कुन्दन,  ज़ोया की राह देखता हुआ  उसे अपने कल्पना लोक में बसा लेता है । जब ज़ोया, पढ़ाई खत्म करके लौटकर बनारस आती है तो वह कुन्दन को   नहीं पहचान पाती, लेकिन कुन्दन अपनी तमाशबीन हरकतों से उसे गुजरे किशोरावस्था  की घटनाओं के याद दिलाने पर उसे कुन्दन की बेशर्म शरारतें याद हो आती हैं । ज़ोया  को कुन्दन के इस व्यवहार से खीझ होती है और वह कुन्दन को अपनी और उसकी पारिवारिक सथियों तथा धार्मिक विषमता की समस्या को समझाने का प्रयास कर उन दोनों के विवाह की संभावना से इन्कार कर  देती है ।
इस प्रेम कहानी में एक और सहनायिका ' बिंदिया ' ( स्वर भास्कर ) नाम की लड़की मौजूद है जो बचपन से कुन्दन से बेंइंतहा प्यार करती है और उसकी पत्नी बनने का सपना देखती है । उसे कुन्दन की ज़ोया के लिए दीवानगी का पता है किन्तु फिर भी वह कुन्दन से बेहद पुयार करती है  । वह कुन्दन के हर दु:ख सुख में साथ देने वाली अल्हड़ दीवानी प्रेमिका के रूप में सारी फिल्म में छायी रहती है ।
फिल्म में एक जबर्दस्त नाटकीय मोड तब आता है जब ज़ोया (सोनम कपूर ) कुन्दन ( धनुष ) को अपने
' जे एन यू ' के एक छात्र नायक ' अकरम  ' ( अभय देओल ) से अपने प्रेम संबंधों को प्रकट करती है और कुन्दन से ही अपने प्रोफेसर पिता को ' अकरम ' से  उसके विवाह के लिए मनवाने के लिए मनुहार करती
है ।' कुन्दन ' इस आघात से उबर नहीं पाता और फिर एक बार अपने हाथ की नसें काटकर जान देने के लिए आमादा हो जाता है । फिर भी वह ज़ोया की खुशी के लिए, उसके पिता को  ज़ोया और अकरम के निकाह के लिए राज़ी करा लेता है और वह स्वयं भी पराजित मानसिकता में   ' बिंदिया ' ( स्वरा भास्कर )  से विवाह के लिए तैयार हो जाता है । दोनों के विवाह के लिए एक ही दिन तय किए जाते हैं । और फिर एक और बड़ी घटना  उस दिन घटित होती है जो की फिल्म के सारे ढांचे पर वार करती है । फिल्म की कहानी एक अप्रत्याशित मोड लेती है । विवाह से कुछ ही पल पहले अख़बार की एक खबर से ज़ोया के दूल्हे ' अकरम ' के वास्तव में हिन्दू ( जसजीत सिंह ) होने का पता चलता है । कुन्दन निकाह से कुछ ही क्षण पहले ज़ोया के परिवार के सामने इस सच्चाई को उद्घाटित करता है । परिणाम अति भयंकर होता है । अकरम ( जसजीत ) -ज़ोया की शादी टूट जाती है,  अकरम ( अभय देओल ) पर मुसलिम समुदाय द्वारा जान लेवा हमला होता
है । कुन्दन, अकरम ( जसजीत ) की जान बचाता है लेकिन दूसरी और ज़ोया आत्महत्या का प्रयत्न करती है ।
कुन्दन के लिए एक और झकझोर देने वाली सच्चाई यह थी की जसजीत को अकरम के रूप में अपने परिवार के सम्मुख लाने वाली ज़ोया ही थी, वह केवल विवाह के लिए जसजीत को झूठ बोलने के लिए तैयार करती है, लेकिन कुन्दन की नादानी से सारा खेल बिगड़ जाता है । कुन्दन को जब इस असलियत का पता चलता है तो वह पश्चाताप की आग में झुलसने लगता है और अपनी इस गलती को सुधारने के लिए वह ज़ोया को लेकर जसजीत के घर ( पंजाब ) पहुंचता है । लेकिन वहाँ एक और भयावह घटना घट जाती है । जसजीत की अकस्मात मृत्यु हो जाती है । इस घटना से जोया और कुन्दन दोनों भीतर से टूट जाते हैं और दोनों अलग हो जाते हैं । ' कुन्दन ' अपराध बोध से ग्रस्त होकर अन्यमनस्क स्थिति में अंजान राहों पर भटकने लगता है लेकिन उसे कहीं सुकून नहीं मिलता। इधर ज़ोया, जसजीत की याद को ताज़ा रखने के लिए उसके द्वारा स्थापित छात्रों के राजनीतिक संगठन नेतृत्व संभाल लेती है । ' कुन्दन ' भी भटकते भटकते भूखा प्यासा उसी छात्र समुदाय में शरण लेता है लेकिन वहाँ ज़ोया को देखकर वह सहम जाता है । वह ज़ोया के नफरत का सामना पग पग पर करता है । धीरे धीरे उस छात्र संगठन में ' कुन्दन ' किसी तरह अपनी जगह बना लेता है । अन्य छात्र नेता कुन्दन की सरलता और उसकी सूझबूझ के प्रति कायल होने लगते हैं । कई बार  संकटपूर्ण स्थितियों में  वह पुलिस से अपनी  पार्टी को बचाता है ।  ' कुन्दन ' अब 'ज़ोया ' के मुक़ाबले पार्टी में शक्तिशाली नेता के रूप में उभरने लगता है जिससे ज़ोया अपने अस्तित्व पर खतरा महसूस करने लगती है । ज़ोया एक विचित्र मानसिक संकट से गुजरने लगती है । छात्रों के इस राजनीतिक दल की बढ़ती हुई ताकत से प्रमुख राजनीतिक दलों में खलबली मचने लगती है ।  प्रदेश की महिला मुख्यमंत्री ( सुजाता कुमार कृष्णमूर्ति ) स्वयं ज़ोया से राजनीतिक समझौता करने का प्रस्ताव लेकर आती है और ज़ोया को 'कुन्दन' के बढ़ते वर्चस्व को खत्म करने के लिए एक मोहरा बनाती है । कुन्दन हर हाल में केवल ज़ोया की सफलता और संतोष की कामना करता है । वह ज़ोया की सुख शांति के लिए सब कुछ करने को तत्पर हो जाता है । उसे वह मौका अंत में मिलता है । मुख्य मन्त्री, ज़ोया का इस्तेमाल कर कुन्दन को एक राजनीतिक समारोह में छात्रों की पार्टी के प्रमुख नेता के रूप में भेजती है । ज़ोया, कुन्दन पर खतरे की संभावना को जानते हुए भी उसे उस समारोह में जाने के लिए प्रेरित करती है । 'कुन्दन '  ज़ोया के लिए उस समारोह में जाता है । अचानक वहाँ गोलियां चलती हैं, जो की पहले से तय था, और एक गोली सीधे कुन्दन के सीने पर लगती
है । कुन्दन मारा जाता है । कुन्दन अपनी जान दे देता है, अपने उस प्यार की खातिर जिसे वह कभी पा नहीं सका । इधर प्रेस कान्फ्रेंस में ज़ोया मुख्यमंत्री का असली चेहरा बेनकाब कर देती है साथ ही स्वयं को भी  इस षडयंत्र का हिस्सा स्वीकार कर लेती है । कुन्दन का बाल सखा मुरारी, मंगेतर बिंदिया, और उसके पिता और परिवार सब की आत्मा, कुन्दन के इस निरीह और करुण अंत से कराह उठती है  ।  इस फिल्म में गौरतलब है कि चार प्रेमी अपने अपने प्रेम को पाने के लिए प्रेमियों का पीछा कहानी के अंत तक करते हैं लेकिन किसी को उनका प्रेम हासिल नहीं होता । बिंदिया - कुन्दन का पीछा करती है, कुन्दन - ज़ोया का और  ज़ोया - जसजीत उर्फ अकरम का पीछा करती है, किन्तु सब अपने प्यार की मंज़िल तक पहुँचने में नाकामायाब ही होते हैं । यह प्रेमियों की विफल प्रेम कथा है जो मनोरंजन के पुट के साथ पेश की गयी है ।    
फिल्म का पूर्वार्ध बहुत ही कसा हुआ और तेज गति से कहानी को आगे बढ़ाता है और यह हिस्सा बहुत ही रोचक और विनोदात्मक  है । किन्तु फिल्म का उत्तरार्ध बिखर सा गया है । दूसरे हिस्से में फिल्म की मूल कथा कहीं गुम होती नजर आती है और कहानी का निर्दिष्ट अंत कहीं भटक कर रह जाता है जिस कारण फ़िल्मकार को किसी तरह से कहानी को समेटने के लिए अतिरिक्त प्रयास करना पड़ा है । कुन्दन का भटकाव और उसका ज़ोया के जीवन में दुबारा प्रवेश एक नए परिवेश में होता है जो  फिल्म को बोझिल बनाता है ।  अभिनय की दृष्टि से सोनम कपूर ने  ज़ोया और धनुष ने कुन्दन की भूमिकाओं का निर्वाह बहुत ही कुशलता से किया है जो की उनसके अभिनय कौशल को सिद्ध करता है ।   
 अभय देओल ( अकरम/जसजीत ) ने  ' जे एन यू ' ( जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी ) के युवा छात्र नेता के रूप में विशेष छाप छोड़ी है । धनुष ( कुन्दन ) की तमिल लहजे वाली बनारसी चाल की हिंदी चुटीली, चुटकुली और अपने खास अंदाज़ में मनमोहक बन पड़ी है । फिल्म में संवाद बनारसी लहजे में विशेष प्रभाव पैदा  करते हैं ।  बिंदिया की भूमिका में स्वरा भास्कर ने अपनी खास पहचान बनाई है ।  
फिल्म की पटकथा सशक्त होकर भी आखिर में कहीं शिथिल होती हुई लगती है । फिल्म का कुशल निर्देशन आनंद राय,और कथा एवं पटकथा लेखन हिमांशु शर्मा ने किया है । फिल्म के गीतकार हैं इरशाद कामिल और संगीतकार हैं ए आर रहमान । फिल्म के सभी गीत लोकप्रिय और बनारस की ठेठ देशी संस्कृति को उभारने में कामयाब हुए हैं । यह फिल्म ईरोज इन्टरनेशनल के बैनर तले कृशिका लल्ला द्वारा निर्मित है जिसके सिनेमाटोग्राफर नटराजन सुब्रमण्यम तथा विशाल सिन्हा हैं । ' रांझणा '  मनोरंजक और भावना प्रधान  फिल्म है  जो एक श्रेष्ठ फिल्म की श्रेणी में रखी जा सकती है इसलिए यह फिल्म देखने योग्य है ।

-       एम वेंकटेश्वर                                                                                                                                               

        


Tuesday, October 15, 2013

अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक साज़िशों की सशक्त रोमांचक फिल्म : मद्रास कैफे

बॉलीवुड अब धीरे धीरे अंतरराष्ट्रीय जासूसी और राजनीतिक साज़िशों को प्रदाफाश करने वाली सशक्त फिल्में बनाने में  हॉलीवुड से मुक़ाबला कर रहा है । एस्पियोनेज पर सफल फिल्में बनाने का श्रेय एकमात्र हॉलीवुड को ही जाता था । लेकिन अब भारतीय फिल्मों में भी इस तरह के विषयों पर बहुत ही सार्थक और प्रभावशाली फिल्में बननी शुरू हो गईं हैं । इसी शृंखला मे शूजित सरकार द्वारा निर्देशित, जॉन अब्राहम-रोनी -लाहिरी और वियाकोम 18 मोशन पिक्चर्स द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित ' मद्रास कैफे ' एक सशक्त अंतरराष्ट्रीय जासूसी रोमांचक ( थ्रिलर ) फिल्म है जिसकी प्रभावशाली पटकथा सोमनाथ डे और शुभेन्दु भट्टाचार्य द्वारा लिखी गई है । इस फिल्म की पृष्ठभूमि श्रीलंका का बरसों से भीषण गृहयुद्ध ग्रस्त' जाफना' प्रदेश है । श्रीलंका सरकार और तमिल ईलम के सैन्य संगठन लिट्टे के मध्य चले बरसों के विध्वंसात्मक गोरिल्ला युद्ध को इस फिल्म में अपने ढंग से फिल्माया गया है । यह एक युद्ध फिल्म कही जा सकती है । 
प्रकारांतर से श्रीलंका के प्रतिबंधित संगठन ' लिट्टे ' के आत्मघाती दस्ते द्वारा अंजाम दिये गए राजीव गांधी हत्या कांड को इस फिल्म का केंद्र बिंदु बनाया गया है जिसे परोक्ष रूप से पूर्व भारतीय प्रधान मंत्री की हत्या के रूप मे प्रस्तुत  किया गया है । वास्तव मे इस फिल्म के द्वारा इस तथ्य को उजागर किया गया है कि पूर्व प्रधान मंत्री  राजीव गांधी की हत्या के पीछे भारतीय खुफिया एजिंसियों की विफलता थी और इसका प्रमुख कारण भारतीय खुफिया तंत्र के अहम खुफिया सूचनाओं का ' लीक ' होना था । विश्व में समय समय पर हुए  बड़े राजनेताओं की हत्या के पीछे अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक षडयंत्र रहे हैं, ऐसी हत्याओं को अंजाम देने के पीछे कुछ  देशों की खुफिया एजेंसियों के षडयंत्र रहते हैं ।  हर देश की  खुफिया एजेंसी अपने तरह से देश की सुरक्षा संबंधी खुफिया सूचनाओं को प्राप्त करने के लिए अपने खुफिया जासूसों की तैनाती उच्च स्तर पर
विभिन्न देशों में करती है । ऐसे ही एक कोवर्ट ऑपरेशन की कहानी है ' मद्रास कैफे' ।
 फिल्म की कहानी के अनुसार ' मद्रास कैफे '  उस अड्डे का नाम है,  जहां से पूर्व पूर्व भारतीय प्रधान मंत्री की हत्या की साजिश रची गई थी । यह फिल्म 80 और 90 के दशकों में श्री लंका में घटी कुछ महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित है जिसमें प्रमुख है भारत सरकार द्वारा श्री लंका सरकार की सहायता के लिए भेजी गई शांति सेना ( इण्डियन पीस कीपिंग फोर्स ) का श्रीलंका की राजनीति में हस्तक्षेप और तत्जनित परिणाम । श्री लंका में उन दिनों चल रहा गृह युद्ध जिसमे जाफना प्रदेश में रहने वाले तमिल भाषी श्रीलंका निवासी एक स्वतंत्र तमिल राष्ट्र की मांग करते हैं और जिसे  प्राप्त करने के लिए वे तमिल लिट्टे  नामक सैन्य संगठन के सैनिक नेता वेलुपिल्लई प्रभाकरण के नेतृत्व में सशस्त्र संग्राम कर रहे थे । लिट्टे को प्रतीकात्मक रूप से इस फिल्म में एल टी एफ नामक एक सैन्य सगठन के रूप में प्रस्तुत किया गया है । प्रभाकरण का प्रतिनिधित्व इस फिल्म में ' अन्ना भास्करन ' ( अजय रत्नम ) नामक स्वघोषित सैन्य नेता को रूपायित किया गया है ।  श्रीलंका की सरकार इस गृहयुद्ध को समाप्त करने के लिए भारत सरकार द्वारा भेजी गई शांतिवाहिनी की सहायता से लिट्टे के सैन्य विद्रोह को नेस्तनाबूत करने के लिए कमर कसती है ।  
' मद्रास' कैफे ' के फ़िल्मकार ने उक्त घटनाओं को फिल्म में पुन: सृजित करने के लिए  श्रमपूर्ण रिसर्च किया है और उसी के आधार पर इस फिल्म की पटकथा का निर्माण किया गया है । इस अघोषित युद्ध ने तत्कालीन भारत के इतिहास को बादल कर रख दिया । उस युद्ध के कारण भारत की राजनयिक छवि कलंकित हुई और भारत की तमिल भाषी जनता आज तक श्रीलंका में तमिलों पर हुए अत्याचारों और उनकी स्वतन्त्रता के प्रश्न को लेकर भारत सरकार की आलोचना करती है । 
मेजर विक्रमसिंह ( जॉन अब्राहम ) भारतीय थलसेना का विशेष अधिकारी है जिसकी नियुक्ति भारत की खुफिया एजेंसी 'रिसर्च एंड एनालिसिस विंग ' ( रॉ RAW) द्वारा श्रीलंका के जाफना इलाके में भारतीय शांति वाहिनी के भारत लौट आने के बाद की स्थितियों का जायजा लेने के लिए एक खुफिया ऑपरेशन
( कोवर्ट ऑपरेशन ) के तहत किया जाता है ।  वह श्रीलंका के भयावह युद्धग्रस्त  क्षेत्र में तमिलों के सैन्य संगठन  एल टी एफ की गतिविधियों का खुफिया ढंग से पता लगाने के लिए और खुफिया सूचनाएँ प्राप्त करने के उद्देश्य से जाफना पहुंचता है । लेकिन वहाँ पहुँचकर वह एल टी एफ और उसके खौफनाक अनुचरों, सिपाहियों और जासूसों  तथा उनके  नेताओं के जाल में फंस जाता है । उसकी सहायता एक ब्रिटिश जर्नलिस्ट ' जया'  ( नर्गिस फाकिरी ) करती है जो उसे भारत संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएँ अपने स्रोतों से मुहैया  कराती है । वास्तव में जया वहाँ से अपने अख़बार के लिए रिपोर्टिंग करने के लिए डेरा डाले हुए है ।  विक्रम सिंह एल टी एफ को युद्ध के लिए विदेशों से हथियार और गोला बारूद मुहैया कराने वाले संगठनों का पता लगाता है । वह युद्ध की दिशा को भारत के पक्ष में करने के लिए रॉ के उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर ' एल टी एफ ' के मुखिया अन्ना भास्करन से संबंध स्थापित करता है लेकिन बीच में उसकी गुप्त योजना उसीके एक  अधिकारी की गद्दारी से अन्ना भास्करन के विरोधी दल को मालूम हो जाती है जिससे विक्रम सिंह के प्रयास व्यर्थ हो जाते हैं, उसके रॉ के जासूस होने का पता एल टी एफ को पता चल जाता है और उस पर जानलेवा हमला होता है । उसे इस ओपरेन को  स्थगित कर स्वदेश लौटना पड़ता है । रॉ के सूचनाओं की ' लीक ' इस तरह जारी रहती है लेकिन इसके लीक करने वाले का पता विक्रम सिंह को नहीं लगता । वह अपनी सूत्रों को इस आदमी का पता लगाने के लिए तैनात कर देता है । इधर दिल्ली में उसकी हत्या के लिए आए हत्यारे धोखे से उसकी पत्नी को मार डालते हैं ।  फिल्म में इन घटनाओं को बहुत ही बारीकी से जमीनी हकीकत के साथ दिल दहलाने वाले युद्ध दृश्यों में रूपांतरित किया गया है ।  ब्रिटिश जर्नलिस्ट ' जया'  के खुफिया प्रयासों और उसके सूत्रों से ' मद्रास कैफे ' नामक होटल में कुछ गुप्त संगठन के सदस्यों द्वारा किसी बड़े राजनेता की हत्या की साजिश का पता चलता है ।  इस संवेदनशील खबर की पुष्टि करने के प्रयास में कई और जानें  जाती हैं । विक्रम सिंह रॉ को एलर्ट करता है । रॉ अपना सुरक्षा जाल बिछाती है ।  सारी सूचनाएँ श्रीलंका, लंदन, सिंगापूर, मद्रास, दिल्ली आदि स्थानों से जुड़ी होती हैं। इस ऑपरेशन की कोई भी पुख्ता सूत्र या सही जानकरी नहीं दे पाता । केवल संदेह के आधार पर कई लोगों से पूछ ताछ की जाती है लेकिन अंत तक विकरामसिंह को अपने ही संगठन के भीतर छिपे अधिकारी का पता नहीं चल पाता। पूर्व प्रधान मंत्री अपने चुनाव प्रचार के लिए निकल पड़ते हैं । उनके चुनाव प्रचार के कार्यक्रमों पर रॉ कड़ी नजर रखती है और अधिक से अधिक सुरक्षा कवच उनके चारों ओर निर्मित करती है । उनके मद्रास में  जनसभा को संबोधित करने के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही विक्रम सिंह को संदिग्धों की तलाश युद्ध स्तर  पर शुरू कर देता है लेकिन हत्यारे उससे हमेशा एक कदम आगे ही रहते हैं । उस रात एक विशाल भीड भरी जनसभा में पूर्व प्रधान मंत्री एक आत्मघाती महिला मानव बम का शिकार हो जाते हैं, पास ही विक्रम सिंह भी घायल होकर गिर पड़ता है । रॉ के प्रमुख रॉबिन दत्त ( सिद्धार्थ बसु ) जो इस पूरे ऑपरेशन को शुरू से संचालित करते हैं अंत में अपनी इस विफलता पर बिखर जाते हैं । यह पूरा ऑपरेशन रॉ के खुफिया  दस्तावेजों में सिमटकर रह जाता है । भारतीय इतिहास की इस त्रासदीपूर्ण घटना के पीछे के अनेक रहस्यों का अनावरण यह फिल्म करती है । अनुमान और कल्पना तथा कुछ प्राप्त तथ्यों के आधार पर इस ऐतिहासिक घटना को जिस यथार्थपूर्ण प्रभाव के साथ सेल्यूलाईड पर प्रदर्शित किया गया,  वह काबिले तारीफ है । यह एक युद्ध फिल्म है इसलिए आज के अत्याधुनिक हथियारों द्वारा हमले और विध्वंस के दृश्यों का फिल्मांकन बहुत ही उच्चस्तरीय तकनीकी निर्देशन में किया गया है  । फिल्म की सिनेमाटोग्राफी आकर्षक और मर्मस्पर्शी है । श्रीलंका का जाफना प्रदेश जहां के सुरम्य मनोहारी पहाड़ियों से घिरे हुए जंगलों और हरियाली के मध्य, लहूलुहान लाशों से पटे गांवों का मार्मिक दृश्यांकन दर्शकों को प्रभावित करता है । अभिनय के क्षेत्र में विक्रम सिंह की भूमिका में जॉन अब्राहम का अभिनय बहुत ही यथार्थपूर्ण और आकर्षक है जो भारतीय सैनिकों के प्रति दर्शकों के मन में एक विशेष प्रकार का आदर भाव पैदा करता है । ब्रिटिश जर्नलिस्ट  की भूमिका में नर्गिस फाकिरी का अभिनाय बेजोड़ और प्रशंसनीय  है । फिल्म की कहानी की बुनावट अत्यंत  कसी होने कारण पूरी फिल्म बहुत ही रोचक बन पड़ी है । दर्शक को कहीं भी खालीपन नजर नहीं आता । हर फ्रेम सस्पेंस और एक्शन युक्त है जो दर्शकों के कौतूहल को अंत तक बरकरार रखता
है । यह फिल्म उन्हीं दर्शकों को भाएगी जिन्हें युद्ध और रोमांचक जासूसी ( एस्पियोनेज ) फिल्में देखने का शौक हो ।

                                                                                                            एम वेंकटेश्वर

                                                                                                            9849048156 
' लुटेरा '  : बीते युग की सौंदर्यात्मक प्रेम कथा की क्लासिक प्रस्तुति -
                                                                                                                       एम वेंकटेश्वर

'लुटेरा' विक्रमादित्य मोटवाने के निर्देशन में  अनुराग कश्यप, एकता कपूर, शोभा कपूर और विकास बहल द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित इस वर्ष की एक क्लासिक फिल्म है । इस फिल्म की कथा मूलत:  'ओ हेनरी '
( अमेरिकन कथाकार ) की कहानी ' द लास्ट लीफ़ ' ( The Last Leaf - 1907 ) पर आधारित है । यह एक पीरियड ( कालखंड-परक )  फिल्म है । पचास के दशक में ज़मींदारी उन्मूलन कानून के अंतर्गत  भारत के सारे ज़मींदारों की संपत्ति का राष्ट्रीयकरण कर उसे सरकारी संपत्ति घोषित कर दिया गया । इस क्रम में उनके पास की अमूल्य धरोहरें जिनमें सोने चाँदी के जवाहरात, प्राचीन काल की दुर्लभ कला प्रतिमाएँ, देवी देवताओं की, बहुमूल्य धातुओं से निर्मित मूर्तियाँ, बेशकीमती पुरातन काल के  साजो सामान आदि को सरकार ने इसी कानून के तहत  हथिया लिया । इस अभियान के मुखौटे में कई ठगी, अपराधी गिरोह  इस उद्यम में सक्रिय हुए । आज़ादी के बाद इन गिरोहों ने सुदूर अंचलों में बसे धनी जमींदारों की हवेलियों और गढ़ो  में एकत्रित ऐसे धरोहरों का पता लगाकर प्राचीन धरोहरों को जब्त करने के फर्जी सरकारी आदेश पत्रों के जरिए बहुतेरे जमींदारों और रजवाड़ों को लूटा । यह क्रम काफी समय तक चलता रहा लेकिन जब ऐसे वारदात सरकार के संज्ञान में आए तो इन गिरोहों को खोज खोज कर नेस्तनाबूद कर दिया गया ।
' लुटेरा'  इसी विषय पर आधारित सुंदर, रोमांचक और संजीदगी से भरी फिल्म है । 
' लुटेरा ' का कथा परिदृश्य पचास के दशक  ( 1953) का है जिसमें एक सुंदर भावुक प्रेम कहानी चुपचाप, बहुत ही धीमी गति से नाक - नायिका के बीच पनपती है और आखिर में वह एक निरीह अंत को प्राप्त होती है । बंगाल के एक छोटे से गाँव में एक जमींदार परिवार में पिता और पुत्री  पाखी ( सोनाक्षी सिन्हा ) अपना प्रशांत जीवन एक ही  ढर्रे पर गुजारते रहते हैं । जमींदार पिता के पास अकूत संपत्ति, पुरानी हवेली और पुरखों की जमीन मौजूद है । आज़ादी के बाद  ज़मींदारी उन्मूलन कानून की चर्चा ज़ोरों पर होने के बावजूद   ज़मींदार  इसे स्वीकारने के लिए तैयार नहीं ।
इसी नेपथ्य में अचानक एक दिन उनके जीवन में एक आर्कियलाजिस्ट ( पुरातत्वज्ञ )  वरुण ( रणवीर सिंह ) इस ज़मींदार की हवेली में प्रवेश करता है । वह उस गाँव में पुरातात्विक शोध के लिए खुदाई की अनुमति लेकर आता है । वरुण को जमींदार अपनी हवेली में रहने के लिए आमंत्रित करता है । वरुण उसी हवेली में अपने मित्र के साथ रहकर वहाँ की जमीन की खुदाई के काम का निरीक्षण करता है । वरुण के आकर्षक व्यक्तित्व और सौम्य सुशील व्यवहार से पाखी ( सोनाक्षी सिंह ) मन ही मन उससे प्रेम करने लगती है किन्तु उसकी अभिव्यक्ति नहीं कर पाती । वरुण का व्यक्तित्व रहस्यमय है वह गंभीर प्रकृति का मितभाषी पुरुष  जो  अपना सारा समय केवल अपने मित्र के संग हवेली के आसपास की जमीन में खुदाई का काम करवाता रहता है । उसकी रुचि  प्राचीन पुरा-वस्तुओं में है इसलिए उस हवेली में जमींदार द्वारा एकत्रित कला-वस्तुओं के प्रति वह विशेष रुचि प्रदर्शित करता है ।  एक दिन पाखी अपने प्रेम को वरुण के सम्मुख व्यक्त करती है, पहले वरुण उसे स्वीकार नहीं करता किन्तु उसके भीतर पाखी के प्रति समाया हुआ प्रेम उसे पाखी को स्वीकार करने के लिए बाध्य करता है ।   ज़मींदार पिता वरुण के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर पाखी और वरुण के विवाह के लिए तैयार हो जाता है । विवाह की तैयारी हो जाती है किन्तु विवाह से पूर्व रात को वरुण अपने मित्र के साथ हवेली छोड़ कर पलायन कर जाता है ।  जब उन्हें पता चलता है की वरुण ने उनकी हवेली से उनकी सारी धरोहर,  बहुमूल्य सोने की मूर्तियाँ और अन्य बहुत सारी कलाकृतियाँ चुरा कर भाग निकला है तो ज़मींदार और पाखी के होश उड़ जाते हैं । वरुण एक लुटेरा साबित होता है । इस आघात से जमींदार की मृत्यु हो जाती है । पाखी भीतर से टूट जाती है और वह स्वयं को एकांत में डुबो लेती है । हवेली छोड़कर वह वरुण को भुलाने के लिए हिमाचल प्रदेश  के हिल स्टेशन ' डलहौज़ी ' की बर्फीली एकांत वादियों में शरण लेती है । पाखी जो पहले से ही क्षयरोग से ग्रस्त है जिसे समय- समय पर दौरा पड़ता है, वह  हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता के बीच बर्फीली ठंडी वादी में स्वयं को अकेलेपन के सूने अंधकार में छिपा लेती है । वह अपने बेवफा प्रेमी वरुण की याद को झुठलाते हुए दूभर और बोझिल जीवन के भार को किसी तरह गुजारने के लिए संघर्ष करती है ।  दूसरी और पुलिस वरुण और उसके गिरोह को पकड़ने के लिए  पाखी से पूछताछ करती है किन्तु वरुण के बारे में पाखी कुछ भी बताने को तैयार नहीं होती । अचानक एक दिन भयानक बर्फीली हवाओं के बीच पुलिस की गोली से घायल वरुण ' डलहौज़ी ' में पाखी की कोठी में छिपने के लिए घुस आता है । एकबारगी पाखी को सामने पाकर वह हतप्रभ और शर्मसार हो जाता है । पाखी उसे अपने मन-मस्तिष्क से पूरी तरह मिटा देना चाहती है इसलिए वह उसे नजदीक नहीं आने देती, लेकिन वरुण पुलिस से बचने के लिए पाखी का इस्तेमाल करता है ।     
पाखी एक विचित्र अंतर्द्वंद्व की स्थिति में स्वयं को नियंत्रित करती है, एक और वह अपने प्रेम की अंतर्वेदना से त्रस्त है तो  दूसरी ओर उसे वरुण का छली हृदय और अमानुषी व्यवहार पीड़ित करता है । वह ईद दुधारी पीड़ा से मुक्त नहीं हो पाती ।  उसे उसका जीवन धीरे धीरे छीजता हुआ सा आभास होता है । उसे अपनी कोठी से बाहर बर्फीली आंधी में ठिठुरते हुए एक पेड़ की टहनियाँ दिखाई देतीं हैं जिससे एक एक पत्ता झर कर, नीचे गिरकर मानों पाखी के भी जीवन के धीरे धीरे समाप्त होने की ओर मानो इशारा करता है ।  उसे उन झरते पत्तों को देखते हुए अपनी मृत्यु का भयावह चेहरा सामने दिखाई देने लगता है । उसे दृढ़ विश्वास सा होने लगता है कि जब पेड़ का अंतिम पत्ता झर जाएगा तब उसका भी अंत हो जाएगा । अपने इस वहम को वह वरुण को बताती है । वरुण घायल अवस्था में पाखी के घर  में छिपकर पाखी की इच्छा के विरुद्ध उसकी देखभाल करता है । उसके हृदय में पाखी के लिए प्रेम उमड़ पड़ता है । वह पाखी के उस आत्मघाती वहम को उसके दिल से निकालने के लिए अपने एक उपाय करता है ।  तूफानी रात में वह उस पेड़ पर चढ़कर अपनी चित्रकारी से बनाये हुए एक पत्ते को, बर्फीली तूफान से जूझते हुए, पेड़ की डाल से लटकाकर नीचे गिर जाता है । उसी तूफानी रात को पुलिस उसे घेरकर मार देती है । पाखी सुबह उठकर खिड़की से बाहर उस पेड़ को जब देखती है तो तूफानी रात के गुजर जाने के बाद भी उस पेड़ पर एक पत्ता उसको नया जीवन दान देने के लिए हवा के झोंकों में लहराता हुआ दिखाई देता है । उस एक पत्ते को तूफान के गुजर जाने के बाद भी पेड़ पर लटकता हुआ देखकर वह निश्चिंत हो जाती है । उसमें जीने की आशा फिर से जाग उठती है ।
इस फिल्म का उत्तरार्ध ' ओ हेनरी ' की कहानी ' द लास्ट लीफ '  का ही रूपान्तरण है, जिसे बखूबी निर्देशक और पटकथा लेखक विक्रमादित्य मोटवाने ने ' लुटेरा ' में भावुकता पैदा कर एक क्राइम थ्रिलर को क्लासिक बनाने के लिए उपयोग किया है । पूर्वार्ध निर्देशक और पटकथा लेखक की अपनी कल्पना है जिसमें वरुण के पात्र को गढ़ा गया है । इस फिल्म की खूबसूरती इसके चित्रांकन और कला पक्ष में  है । इस फिल्म का हर एक ' फ्रेम ' मनमोहक है, जो सुंदरता के चरम को छूता है । महेंद्र जे शेट्टी की सिनेमाटोग्राफी अद्भुत है । रंगों का छायांकन दर्शक को एक नए सौन्दर्य लोक की यात्रा कराता है । ' डलहौज़ी ' के पर्वत प्रदेश और उसके चारों ओर का प्राकृतिक सौंदर्य मंत्र मुग्ध कर देने वाली शैली में फिल्माया गया है ।  सोनाक्षी सिंह इस फिल्म में पारंपरिक ( पचास के दशक की एरिस्टोक्रेटिक परिवारों के ) परिधान में अत्यंत सुंदर दिखाई देती हैं । उनकी सुंदरता अद्वितीय है । समूचे फिल्म में पचास के दशक कि जीवन शैली प्रस्तुत  की गयी है जो कि बहुत ही प्रामाणिक है । उस समय की कारें ( शेवरले और मर्सिडीस ) बहुत खूबसूरती से अपने पूरे सामंती परिदृश्य को मनमोहक अंदाज़ में प्रस्तुत करने में सहायक हुई हैं । इस फिल्म में  एक बार फिर पचास का दशक जी उठता है । फिल्म में रणवीर सिंह और सोनाक्षी सिन्हा हर दृश्य में एक भिन्न प्रकार की सुंदरता और संजीदगी को अपने सुगढ़ अभिनय कौशल के साथ प्रस्तुत करने में पूरी तरह सफल हुए हैं । फिल्म में अमित त्रिवेदी का संगीत मधुर है तथा गीत कर्णप्रिय हैं  । पटकथा भवानी अय्यर और विक्रमादित्य मोटवाने के सहलेखन से प्रभावशाली बन पड़ी है । वैसे इस फिल्म की समूची कथा को विक्रमादित्य मोटवाने ने रूपायित किया है । 
' लुटेरा ' एक धीमी गति की प्रेम कहानी है जिसे मसाला फिल्मों को देखने की आदी आज की ' फास्ट फूड '  पीढ़ी ( जनरेशन ) शायद पसंद न करे लेकिन इस फिल्म में खूबसूरती है, प्रेम की सघनता ( इंटेन्सिटी ) है और यह गंभीर प्रेम को परिभाषित करती है । जिन लोगों ने ऋतुपर्णों घोष की  ' रेन कोट ' पसंद की है उन्हें यह फिल्म पसंद  आएगी । ' रेन कोट' ' ओ हेनरी ' की कहानी ' द गिफ्ट ऑफ मैगी ' ( 1906 ) पर आधारित थी । 'लुटेरा' खास दर्शकों के लिए है । ' ओ हेनरी ' की कहानियों के अंत साधारण न होकर चौंकाने वाले होते हैं, ऐसा ही अंत है ' लुटेरा ' का ।

-       एम वेंकटेश्वर
9849048156




दक्षिण भारतीय परिवेश में प्रस्तुत हास्यपूर्ण मनोरंजन का पैकेज : चेन्नई  एक्सप्रेस

'  चेन्नई  एक्सप्रेस ' बॉलीवुड की इस वर्ष की सबसे अधिक व्यावसायिक सफलता प्राप्त  रोमांटिक एक्शन कॉमेडी फिल्म है । इसकी व्यापारिक सफलता के आंकड़े चौंका देने वाले हैं । 75 करोड़ की लागत से गौरीखान, रोनी स्क्रूवाला और सिद्धेश रॉय कपूर द्वारा सहनिर्मित और बॉलीवुड के एक्शन फिल्मों के लोकप्रिय निर्देशक रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनाकर भारत और विदेशों में एक साथ रिलीज़ हुई फिल्म ने फिल्मी मनोरंजन की दुनिया में बॉक्स ऑफिस के सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिए । केवल प्रथम तीन सप्ताहों के प्रदर्शन से इस फिल्म ने तीन सौ करोड़ रुपयों की आमदनी की है । इस फिल्म की सफलता और दर्शकों की पसंद का पूर्वानुमान कर इसे 2550 सिनेमा घरों में लगभग 3550 स्क्रीनों पर भारत में तथा 700 स्क्रीनों पर विदेशों में ( 195 स्क्रीन अमेरिका, 175 स्क्रीन इंग्लैंड, 55 स्क्रीन मिडिल ईस्ट, और 30 स्क्रीन ऑस्ट्रेलिया में ) एक साथ रिलीज़ किया गया जो कि किसी भी बॉलीवुड फिल्म के रिलीज़ का ऐतिहासिक  कीर्तिमान है ।   
' चेन्नै एक्सप्रेस ' अपने दादा की अस्थियों को रामेश्वरम में विसर्जित करने के लिए मुंबई से चेन्नै एक्सप्रेस से रामेश्वरम के लिए यात्रा पर निकले एक  व्यक्ति का रोचक और मनोरंजक यात्रा वृत्तान्त है जिसे फिल्म का नायक ( शाहरुख खान ) संस्मरणात्मक शैली में दर्शकों के सामने फिल्मी माध्यम से प्रस्तुत करता है । यह एक खालिस बॉलीवुड एक्शन और कॉमेडी से युक्त एंटरटेनर है जिसका मकसद केवल मनोरंजन, मनोरंजन और मनोरंजन ही है । नायिका प्रधान इस फिल्म को दक्षिण भारतीय परिवेश और परिधान के साथ खूबसूरत पहाड़ी वादियों में बसे हुए छोटे छोटे गांवों के पारिवारिक जीवन को ठेठ स्थानीय रंगत के साथ वहाँ के मंदिरों और उनमें आयोजित त्योहारों और विभिन्न अनुष्ठानों के सतरंगी मनमोहक चित्रण को सुरम्य सिनेमाटोग्राफी के जरिये प्रस्तुत करने में निर्माता- निर्देशकों को उम्मीद से बढ़कर सफलता और सराहना   मिली है । वैसे तो इस फिल्म की कहानी कोई नई नहीं है । एक तरह से कुछ पूर्ववर्ती फिल्मों का सम्मिश्रित रूप है जिसमें ' जब वी मेट, चोरी चोरी, चेजिंग लिबर्टी ( हॉलीवुड), शशीरेखा परिणयम ( तेलुगु ) और दिलवाले दुलहनिया ले जाएँगे ' का संतुलित और अवसरानुकूल घाल-मेल दिखाई देता है । फिल्म ' जब वी मेट ' से   शुरू होकर ' दिलवाले दुलहनिया ले जाएँगे '  में समाप्त होती है । फिल्म का बीच का हिस्सा हास्यपूर्ण घटनाओं और रोचक, चुटीले संवादों से युक्त नायक-नायिका के उलझनों से जूझने के संघर्ष को दर्शाता है । यह एक नायिका प्रधान  फिल्म है जिसमे फिल्म की नायिका दीपिका पड़कून ( मीनम्मा ) एक तमिल भाषी लड़की की भूमिका में अत्यंत आकर्षक और सुंदर दिखाई देती है । फिल्म का नायक शाहरुख खान ( राहुल ) मुंबई के एक धनी-प्रतिष्ठित परिवार का लड़का है जो अपनी दादी ( कामिनी कौशल ) की आज्ञा और दादाजी ( लेख टंडन )  की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए  दादाजी के मरणोपरांत उनई अस्थियों को रामेश्वरम में विसर्जित करने के लिए ' चेन्नै एक्सप्रेस '  ट्रेन से मुंबई से निकलता है । लेकिन वास्तव में राहुल ( शाहरुख खान ) अगले स्टेशन कल्याण में उतरकर अपने दोस्तों के साथ मिलकर ' गोवा' जाने की योजना  बनाते हैं । पूर्वनिर्धारित योजना के अनुसार राहुल कल्याण स्टेशनपर ट्रेन से उतरकर दोस्तों से मिलता है तभी उसे दादाजी की अस्थियों वाला कलश ट्रेन में छूट जाने की याद आती है जिसे लेने के लिए वह फिर से ट्रेन की ओर लपकता है, वह कलश को लेकर जैसे ही ट्रेन से उतारने की कोशिश करता  है कि तभी इस फिल्म की कहानी  एक नया मोड ले लेती है और राहुल के जीवन की दिशा बदल जाती है ।
फिल्म की कथा नायिका खूबसूरत मीनलोचिनी अशगुसुंदरम उर्फ मीनम्मा ( दीपिका पडकून )
सुंदर दक्षिण  भारतीय लिबास में बेतहाशा चलती ट्रेन की ओर  ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ती हुई दिखाई देती है । राहुल ट्रेन से उतारने वाला है लेकिन इस सुंदर सलोनी लड़की को ट्रेन की ओर हाथ बढ़ाता देखकर वह उसे ' दिलवाले दुलहनिया ले जाएँगे ' फिल्म के अंदाज में हाथ बढ़ाकर उसका हाथ थामकर ट्रेन में चढ़ा लेता है । इसके बाद इसी क्रम में उस लड़की का पीछा करते हुए चार मुश्टंडे भी एक एक कर राहुल की मदद से उस ट्रेन के उसी डिब्बे में चढ़ जाते हैं । यहीं से इस फिल्म की मूल कथा शुरू होती है । मीनम्मा और उसके अपहरणकर्ता साथियों को बचाने के प्रकरण में राहुल अपने दोस्तों तक नहीं पहुँच पाता है और उसका गोवा अभियान भंग होजाता है और वह मीनम्मा तथा उसके बाहुबली अंगरक्षकों से घिरकर मीनम्मा के ' कोम्बन गाँव ' पहुंचता है । मीनम्मा तमिल भाषी होने कारण अपने तमिल लहजे में टूटीफूटी हिन्दी आकर्षक शैली में
बोलती है । इस पूरे  फिल्म में दीपिका पड़कून ( मीनम्मा ) के चुटीले तमिल मिश्रित हास्यपूर्ण संवाद दर्शकों का हर पल मनोरंजन करते हैं ।  
राहुल की भेंट चेन्नई एक्सप्रेस में नाटकीय परिस्थियों के बीच अपने चार हट्टे कट्टे अंगरक्षकों के संरक्षण में पिता द्वारा निश्चित विवाह से बचने के लिए घर से भागी हुई दक्षिण भारतीय सुंदरी मीनम्मा ((दीपिका पडकून ) से होती है । राहुल और मीनम्मा को उनके साथी उनके गाँव के पास चेन्नई एक्सप्रेस की ज़ंजीर खींचकर उतार लेते हैं, जहां उन्हें लेने के लिए मीनम्मा का पिता दुर्गेश्वर सुंदरम ( सत्यराज ) सैकड़ों की संख्या में अपने पूरे दलबल के साथ  पहुंचता है । अपने बाहुबली पिता दुर्गेश्वर सुंदरम से मीनम्मा राहुल का परिचय तमिल में अपने प्रेमी के रूप में कराती है जिसे राहुल तमिल नहीं समझ पाता । मीनम्मा के गाँव में
राहुल की खूब खातिरदारी होती है । दूसरे दिन राहुल के सामने तंगबल्ली  ( निकितीन धीर ) नामक एक पहलवान बाहुबली मीनम्मा के मंगेतर के रूप में प्रकट होता है । राहुल वहाँ की स्थितियों से पूरी तरह अनजान बनाकर वहाँ से भाग निकालने का रास्ता तलाशता रहता है किन्तु मीनम्मा उसे एक ने नाटकीय जाल में फंसा देती है क्योंकि वह तंगबल्ली से विवाह नहीं करना चाहती है । तंगबल्ली, राहुल को मीनम्मा का प्रेमी जानकार उसे कुश्ती के लिए ललकारता है । कुश्ती की शर्त के अनुसार विजेता से मीनम्मा का विवाह निश्चित होता है । राहुल इस स्थिति से बचाने के लिए कई उपाय करता है और अंत में वह किसी तरह वहाँ से भाग निकलता है लेकिन पकड़ा जाकर फिर से उसू गाँव में लाया जाता है । यह सारा प्रकरण राहुल के तमिल भाषा के अज्ञान से उत्पन्न स्थितियों और मीनम्मा के रोचक तमिल प्रभावित हिंदी के तालमेल से दर्शक भरपूर आनंद उठाते हैं । राहुल हर कदम पर मीनम्मा के परिजनों और गाँव वालों से छुटकारा पाने की कोशिश में अपनी चतुराई को सिद्ध करने में मीनम्मा के सम्मुख विफल होता जाता है और उसे बार बार मीनम्मा की शरण में ही आना पड़ता है । राहुल और मीनम्मा पलायन के इस दौर में एक दूसरे गाँव में आकार शरण लेते हैं जहां एक बार फिर मीनम्मा अपनी चतुराई से राहुल और स्वयं को पति-पत्नी घोषित कर गाँव वालों की सहानुभूति और प्रेम प्राप्त करने में कामयाब हो जाती है । गाँव वालों के सौहार्द्रपूर्ण व्यवहार और लोगों की स्थानीय देवी-देवताओं में आस्था और एक सम्मोहक वातावरण में दोनों ही अपने मन में किया गया है जो की दर्शकों को भावनात्मक रूप  से प्रभावित करता है एक दूसरे से आत्मिक संवेदना से जुडने लगगते हैं । इस लगाव को बहुत ही बारीकी और सुकोमलता के साथ फिल्म में प्रस्तुत । इधर राहुल निरंतर मीनम्मा के बंधन से मुक्त होकर रामेश्वरम भागना चाहता है तो दूसरी ओर मीनम्मा अपनी शरारती और चंचल खूबसूरती से राहुल को रिझाते खिझाते हुए उसके मन को बांधे रखती है । इस गाँव में भी तंगबल्ली अपने आदमियों को लेकर जब पहुंचता है तो गाँव वालों की मदद से एक बार फिर मीनम्मा और राहुल वहाँ से भी भाग खड़े होते हैं । मीनम्मा राहुल को दादाजी की अस्थियों की याद दिलाकार वह उसे लेकर राहुल के सांग रामूषे]वरम पहुँचती है और राहुल के दारा उस अनुष्ठान  को पूरा करवाती है ।  राहुल यहाँ से मीनम्मा से विदा लेना चाहता है लेकिन दोनों के बीच जो रागात्मक संबंध स्थापित हो चुका था उसे वह भी नकार नहीं सकता है । वह एक दृढ़ संकल्प मन ही मन लेकर  मीनम्मा को बताए बिना उसे साथ लेकर उसके  पिता और तंगबल्ली के गाँव पहुँच जाता है । कहानी का पटाक्षेप फिल्म के अंत में ' दिल वाले दुलहनियाँ ले जाएंगे '  की तर्ज पर होता है जब राहुल मीनम्मा के पिता से खुलकर मीनम्मा का हाथ मांगता है । पूर्व निर्धारित शर्त के अनुसार राहुल को तंगबल्ली और उसके आदमियों का सामना करना पड़ता है । एक भीषण द्वंद्व युद्ध में किसी तरह राहुल तंगबल्ली को परास्त करने में जब कामयाब हो जाता है रो मीनम्मा के पिता दुर्गेशवर सुंदरम मीनम्मा का हाथ राहुल के लिए छोड़ देते हैं । तंगबल्ली भी अपने प्रतिद्वंद्वी के साहस के प्रति नतमस्तक हो जाता है । अंत में सच्चे प्रेम की जीत होती है और एक घोषणा भी कथा नायक राहुल ( शाहरूख खान ) के द्वारा की जाती है की प्रेम की कोई भाषा नहीं होती । भाषा भेद अथवा संस्कृति भेद प्रेमियों के मिलन में बाधा नहीं पहुंचा सकती । अब समय बादल गया है और माता-पिता को अपनी कन्याओं के विवाह के लिए उनकी रजामंदी जान लेना जरूरी है जिससे की वे उनका दिल न तोड़ें और उन्हें एक सुखी जीवन प्रदान कर सकें । यह फिल्म प्रच्छन्न रूप से एक संदेशात्मक फिल्म है, जिसे बखूबी निर्माता - निर्देशक ने खासे विनोदात्मक ढंग से प्रस्तुत  किया है ।   यह आम और खास दोनों तरह के दर्शकों के लिए सपरिवार देखने योग्य फिल्म है। फिल्म का संगीत और नृत्य संयोजन अपने इंद्रधनुषी रंगों में बहुत आकर्षक बन पड़ा है । दक्षिण भारत के विरले ग्रामीण प्रदेशों का फिल्मांकन मनमोहक और दर्शकों को स्तब्ध कर देने वाला है। दक्षिण के मंदिरों का सुंदर फिल्मांकन इस फिल्म की अतिरिक्त खासियत है । अभिनय के क्षेत्र में दीपिका पड़कून विशेष प्रशंसा की हकदार हैं,  जिन्होंने दक्षिण भारतीय युवती की भूमिका पूरी मौलिक अभिव्यक्तियों के संग स्थानीय भाषाई विवधता को सुंदर सहज ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीता है । शाहरूख खान अपने सदा बहार अंदाज में कॉमिक हीरो की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत कराते हैं । शाहरूख खान और दीपिका पड़कून, दोनों ने कॉमेडी को एक नया आयाम प्रदान किया है । इन दोनों के साथ अन्य सहायक पात्रों ने भी अपने दमदार अभिनय कौशल से इस फिल्म की सफलता में भरपूर योगदान दिया है । विशाल - शेखर का संगीत इस फिल्म की लोकप्रियता को बढ़ाने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा ।   

                                                                                                            एम वेंकटेश्वर

                                                                                                            9849048156