Saturday, March 17, 2012

संचार माध्यमों में हिंदी

(संदर्भ : हिंदी का भविष्य और भविष्य की हिंदी )

आज सारे विश्व पर भाषाएँ शासन कर रहीं हैं । भाषा प्रवीणता मनुष्य की सफलता की कुंजी है । भाषिक कौशल और प्रभावशाली संप्रेषण के माध्यम से किसी भी विवाद को सरलता से सुलझाया जा सकता है । प्रभावी एवं सशक्त भाषा माध्यम ही किसी भी उद्यम की सफलता के लिए अनिवार्य है । व्यापार, वाणिज्य, प्रबंधन, जनसंचार, मीडिया और बाज़ार, सभी क्षेत्रों में भाषा कौशल युक्त व्यक्तियों की ही मांग है । दोयम दर्जे के संप्रेषण कौशल विहीन व्यक्तियों के लिए आज किसी भी कार्यक्षेत्र में पहचान नहीं है । इसीलिए आज सारे विश्व में भाषा शिक्षण और उसके प्रचार प्रसार की ओर सभी वाणिज्यिक, प्रशासनिक, व्यापारिक और प्रबंध - संस्थाएं जागरूक हो गई हैं । भारत एक बहुभाषी और संस्कृति बहुल देश है। भारत की बहुभाषिकता समाज द्वारा समर्थित और सर्व- स्वीकृत भाषिक व्यवस्था है । संविधान में उल्लिखित बाईस भाषाएँ समूचे भारतीय जनमानस को अपनी सांस्कृतिक विरासत से एक सामासिक अस्तित्व का बोध कराती हैं । अंग्रेज़ी की अपरिहार्य उपस्थिति के बावजूद भारतीय भाषाएँ देश की आर्थिक प्रगति में अपना अमूल्य योगदान चुपके चुपके करती रहीं हैं । चाहे अंग्रेज़ी भाषा का कितना ही महिमा मंडन हम क्यों न करें और चाहे उसे कितना ही हम राजसी वैभव से सम्मानित क्यों न करें लेकिन जमीनी सच्चाई हमारी भारतीय भाषाओं में अंतर्लीन वह ऊर्जा है जो कि भारत की बहुभाषिक शक्ति को अधिक से अधिक प्राणवान बना रही है । इन सभी भाषाओं का संपर्क सूत्र हिंदी में समाहित है तथा इन सभी भाषाओं का परिचालन हिंदी के माध्यम से होता है । हिंदी भाषा ही वह मजबूत बंधन है जो कि सारी भारतीय भाषाओं को अपनी भाषिक ऊर्जा से बांधे हुए है । जहां अंग्रेज़ी अपना कार्य कर रही है वहीं भारतीय भाषाएँ देश के सांस्कृतिक तत्वों के परिवर्धन और संवर्धन में सतत प्रयत्नशील है । वैश्वीकरण का अर्थ विश्व की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता को मिटाकर जीवन शैली, रहन-सहन, खान-पान, वेश-भूषा, सोच-विचार आदि में समरूपता के प्रचार पौर प्रसार की परिकल्पना है । विशेष रूप से इसका लक्ष्य का आधार आर्थिक है । संसार की महाशक्तियाँ ( चीन, अमेरिका, ब्रिटेन, रूस जैसे देश ), विश्व के अन्य देशों को अपने उत्पादों की बिक्री का बाज़ार बनाना चाहते हैं इसके लिए वे कूटनीति के सहारे प्रत्येक देश में अपने बाज़ार का जाल फैला रहे हैं । इस वैश्वीकरण की प्रक्रिया का एक मात्र उद्देश्य समाज का बाजारीकरण है तथा मनुष्यों को केवल बाजार के लिए उपभोक्ता में तबदील कर देना ही है। इस संक्रमणशील परिवर्तन को लाने के लिए भाषा को एक औज़ार और हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगा है । भाषाओं का सांस्कृतिक महत्व हमेशा सुस्थिर रहता है लेकिन जीवन के अन्य क्षेत्रों, जिसमे रोजगार, व्यापार और वाणिज्य प्रमुख हैं, के संचालन के लिए सुदृढ़ भाषागत ढांचे की जरूरत होती है । आज भाषाओं का महत्व एकाएक इसीलिए कई गुना बढ़ गया है । आज हिंदी के संग अन्य सभी भारतीय भाषाएँ, अंग्रेज़ी के समानान्तर विश्व की अर्थ व्यवस्था के संचालन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहीं हैं । आज हिंदी व्यवहार के क्षेत्र में केवल भारत की भौगोलिक सीमाओं तक ही सीमित नहीं है । इसकी व्याप्ति विश्व के सभी देशों में प्रभावशाली रूप में हो गयी है । भारत आज एक महत्वपूर्ण व्यापारिक और वाणिज्यिक शक्ति के रूप में उभर रहा है । भारत एक बड़ा बाज़ार है जिसके प्रति विश्व का हर ताकतवर देश ताक रहा है । भारत के भीतर और उसके इर्द -गिर्द महाशक्तियां अपनी अपनी शाखाएँ और शिविर अस्थाई या स्थाई रूप में स्थापित करना चाहती हैं। इसके लिए अनेकों वर्चस्ववादी देश भारत से कई तरह के समझौते कर रहे हैं । भारत की भाषाओं को सीखने के

2

लिए विदेशों में बहुत तेज़ी से भारतीय भाषा शिक्षण प्रणालियाँ विकसित की जा रहीं हैं । विशेष रूप से हिंदी भाषा की शक्ति को अब सारा विश्व पहचान चुका है । विश्व के सैकड़ों विश्वविद्यालयों में हिंदी भाषा तथा साहित्य का शिक्षण स्थानीय लोगों के लिए उपलब्ध है । सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत ने जो प्रगति दर्ज की है उसके परिणाम स्वरूप विदेशों में भारतीय वैज्ञानिकों की मांग बढ़ती जा रही है । आज विदेशों से वैज्ञानिक और अन्य वृत्ति के लोग भारत आकर भारतीय भाषाओं के माध्यम से यहाँ के बाज़ार की प्रकृति का अध्ययन कर रहे हैं । हिंदी की मांग विदेशों में निरंतर बढ़ रही है । पहले विदेशों में हिंदी तथा अन्य भारतीय भाषाओं का अध्ययन भारत की सुदीर्घ सांस्कृतिक परंपराओ को जानने के लिए लोग करते थे लेकिन अब उनका रुझान केवल भारतीय संस्कृति के प्रति नहीं है, बल्कि आर्थिक दिशा में भारत के साथ व्यापारिक, शैक्षिक एवं शोध-संबंधी गतिविधियों में आपसी ज्ञान और तकनीक को साझा करने की

है । भारत के साथ व्यापार, वाणिज्य तथा सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए संबंधों को बनाने के लिए बाहरी देश अब हिंदी के प्रति अपनी अभिरुचि प्रदर्शित कर रहे हैं । इसलिए आज हिंदी का वर्चस्व विश्व भाषाओं में स्थापित हो चुका है । संयुक्त राष्ट्र संघ में भले ही हिंदी को वहाँ की भाषा के रूप में अन्य भाषाओं के समकक्ष मान्यता न मिली हो लेकिन यह कोई बहुत बड़ी समस्या नहीं है, क्योंकि व्यावहारिक धरातल पर हिंदी को विश्व के सभी देशों ने व्यापार -वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी के लिए कारगर भाषा के रूप में स्वीकार कर लिया है । इसलिए हिंदी का भविष्य सुस्थिर और पुरोगामी है । हिंदी भाषा का भविष्य उज्ज्वल है तथा इसका निरंतर विकास सभी दिशाओं निर्बाध गति से हो रहा है । एक और विदेशी सभ्यता का अतिक्रमण भी बाज़ार के माध्यम से भारतीय जनजीवन को प्रभावित कर रहा है लेकिन इस विदेशी झंझावात को झेल जाने की शक्ति हिंदी के साथ अन्य भारतीय भाषाओं में प्रबल रूप में विद्यमान है । अनादि काल से भारतीय सभ्यता और संस्कृति पर अनेकों आक्रमण हुए किन्तु भारतीय संस्कृति ने उन सारे हमलों का सामना कर परिणामस्वरूप उत्पन्न भाषिक - सांस्कृतिक परिवर्तनों को आत्मसात कर लिया । अंग्रेज़ी या अन्य किसी विदेशी भाषा या संस्कृति में उतनी शक्ति नहीं है कि वह भारतीय भाषाओं एवं भारतीय चिंतन परंपरा में सेंध लगा सके । भारतीय भाषाओं में और मुख्य रूप से हिंदी भाषा की प्रकृति में वह लोच और वह परिवर्तनशीलता है जिससे वह संप्रेषण की प्रत्येक आवश्यकता को पूरा करने के लिए तत्पर रहती है । भविष्य की हिंदी भाषा अधिक गतिशील और विश्वोन्मुखी होगी । हिंदी भाषा में असीमित सम्मिलन क्षमता है अर्थात अन्य भाषा के शब्दों को अपने भीतर समाहित करने की शक्ति उसमे उसमे विद्यमान है । इसलिए वह निरंतर गतिशील है इसी कारण वह स्वयं को स्थानीयता में ढाल लेती है । अनुप्रयोग के हर क्षेत्र के लिए हिंदी भाषा की वैज्ञानिक प्रकृति स्वयंसिद्ध है । सूचना प्रौद्योगिकी के सशक्त माध्यम के रूप में हिंदी पिछले कुछ वर्षों में बहुत तेजी से विकसित हुई है । इंटरनेट में हिंदी का बढ़ता हुआ प्रयोग इस सत्य को प्रमाणित करता है । हिंदी के जालघर ( वेबसाईट) आज इंटरनेट कि दुनिया में सक्रिय हैं तथा विश्व के हर कोने से इन जालघरों द्वारा इसके प्रयोक्ता एक दूसरे से संपर्क बनाए हुए हैं । हिंदी भाषा के साथ अन्य भारतीय भाषाएँ भी कंप्यूटर साधित भाषाओं की श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं । गूगल द्वारा संचालित जी-मेल का जालघर हिंदी के साथ अन्य कई भारतीय और विदेशी भाषाओं में सूचनाओं के आदान-प्रदान की सुविधा मुहैया करा रहा है । इंटरनेट में हिंदी में ब्लाग - लेखन ( चिट्ठाकारी ) बहुत

3

लोकप्रिय हो चुकी है । ब्लाग लेखन एक ऐसी सुविधा है जिसमे कोई भी व्यक्ति अपनी जगह (साईट ) बनाकर उसपर अपना लेखन कार्य प्रदर्शित कर सकता है, जिसे विश्वभर से लोग पढ़ सकते हैं और जिस पर अपनी टिप्पणी कर सकते हैं । हिंदी के अनेकों ऐसे साईट खुल गए हैं जो विश्व के हर कोने से लोगों कों जोड़ रही

है । जालघर व्यवस्था के अंतर्गत साहित्य के अलावा, व्यापारिक, वाणिज्यिक और बाजार संबंधी सूचनाएँ, स्टाक मार्केट का संचालन, व्यक्तिगत पत्राचार, साहित्य लेखन, समाचार-पत्र, पत्र-पत्रिकाएँ, सिनेमा संबंधित समाचार आदि चौबीसों घंटे उपलब्ध रहते हैं । आज संचार माध्यमों में हिंदी का प्रयोग पहले की अपेक्षा कई गुना बढ़ा गया है । यहाँ तक कि विदेशी रेडियो व टेलीविज़न सेवाएँ भी हिंदी में अपने कार्यक्रमों का प्रसारण करने लगी हैं । इसका कारण हिंदी के श्रोता और दर्शकों की संख्या में वृद्धि है, यही उनके लिए बाज़ार है ।

पिछले कुछ वर्षों से संचार माध्यमों ने लोगों के दैनिक जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन ला दिया है । सूचना प्रौद्योगिकी के प्रयोग ने लोगों के आचार-व्यवहार और संस्कारों को आमूलचूल बदल डाला है । इसका असर मनुष्य के दैहिक, दैविक, भौतिक जीवन पर गंभीर रूप से पड़ा है । इसने राजनीति, धर्म तथा आर्थिक-सामाजिक जीवन को परिवर्तित - परिवर्द्धित और परिमार्जित किया है । साहित्य का उपदान

भाषा होती है जब कि संचार माध्यमों ( साधनों ) का मूल उपादान भाषा नहीं , माध्यम भर है । फलत: संचार माध्यमों ने अपने लिए एक काम चलाऊ भाषा खोज ली है । टी वी, रेडियो, सिनेमा, इंटरनेट आज के सक्रिय और प्रभावशाली इलेक्ट्रानिक संचार माध्यम हैं जब कि समाचार -पत्र एवं पत्र-पत्रिकाएँ मुद्रण माध्यम के अंतर्गत आते हैं । भारत एवं इतर देशों में भी स्थानीय भाषाओं के साथ साथ हिंदी में उपरोक्त सभी संचार माध्यम भारत एवं विश्व स्तर पर हिंदी भाषा उपयोग कर रहे हैं । अर्थात हिंदी आज मीडिया

( संचार माध्यमों ) की एक महत्वपूर्ण भाषा के रूप में स्थापित हो चुकी है । किन्तु इस सत्य को भी हमे नजरंदाज नहीं करना चाहिए कि इन माध्यमों का मूल उपादान भाषा नहीं है, वह केवल अपने बाजार के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए ही भाषा का उपयोग करती है ।

इन सभी संचार माध्यमों में हिंदी भाषा के कई रूप प्रयोग में लाये जाते हैं, विशेषकर टी वी चैनलों में

( अधिकांश निजी चैनलों में ) हिंदी के नाम पर अंग्रेजी मिश्रित ' हिंग्रेजी ' का अभूतपूर्व विकास हुआ है ।

जिसमे हिंदी - उर्दू मिश्रित हिंदुस्तानी की जगह पर हिंदी - अंग्रेजी मिश्रित ' हिंग्रेजी ' का प्रचलन बढ़ा है । यह 'हिंग्रेजी ' पढे लिखे उत्सव-प्रिय नवधनाढ्य वर्ग की पसंदीदा भाषा है जिस पर वे गर्व करते हैं । कान्वेंटी हिंदी अथवा अप्रवासी हिंदी का इस्तेमाल इसमे होता है जिसका लहजा बनावटी और अटपटा लगता है लेकिन इसी बनावटीपन का ही एक वर्ग विशेष सम्मान करता है । यह वर्ग हिंदी के व्याकरण सम्मत सही भाषा प्रयोग की हंसी उड़ाता हुआ दिखाई देता है । इलेक्ट्रानिक माध्यमों ने हिंदी को बाजार की आवश्यकता के कारण अपनाया है क्योंकि उत्पादों के प्रचार के लिए विज्ञापनों में हिंदी और भारतीय भाषाओ से ही ग्राहकों को लुभाया जा सकता है । इलेक्ट्रानिक माध्यमों में हिंदी विज्ञापनों के लिए अंग्रेजी मिश्रित शैली के विज्ञापन लोकप्रिय होते हुए दिखाई देते हैं । इसका कारण है बाजार के लिए निर्मित प्रयुक्तियाँ भाषा के मूल स्वरूप पर हावी हो रही हैं और अँग्रेजी मिश्रित भाषा प्रयोगों की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है । ' ज़ोर का झटका धीरे से लगे, ' ये दिल मांगे मोर ', ' एक ब्रेक के बाद ', आपूर्ति के बदले सप्लाई, आबंटन के बदले एलाटमेंट , वातानुकूलन के बदले एअरकन्डीशन, यात्रा के लिए जर्नी या ट्रेवेल, पर्यटन के लिए टूर आदि

4

शब्द आज संचार माध्यमों में प्रचलित हो गए हैं । मीडिया में हिंदी के इस तरह के प्रयोग की परंपरा में वृद्धि हो रही है और इसे आम जनता स्वीकार कर रही है । संचार माध्यमों का लक्ष्य ग्राहकों को अपनी और आकर्षित करना होता है, उनको किसी भी भाषा की संस्कृति अथवा भाषा के समाज- भाषा- विज्ञान से उसका कोई सरोकार नहीं रहता । इसलिए भाषा का जो भी रूप बिकाऊ होता है उसे मीडिया के संचालक दर्शको, श्रोताओं और पाठकों कों परोसते हैं । भारत की बहुभाषिक स्थिति का लाभ संचार माध्यम उठाता है । विशेष संदर्भों के लिए मीडिया अपने मुहावरे स्वयं गढ़ता है और उसे प्रचलन में लाने का प्रयास करता

है । कुछ समय पूर्व तक आकाशवाणी में ' निधन ' पर प्रतिबंध था केवल ' देहांत ' शब्द का प्रचालन था । इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति दर्ज की , कि क्या महापुरुष सिर्फ देह ही होते हैं ? क्या वे सिर्फ देह थे जिनका अंत हो गया ? स्वर्गवासी , गोलोकवासी , परमात्मा को प्यारे हो गए, जैसे प्रयोगो पर अभी भी प्रतिबंध है । इलेक्ट्रानिक माध्यमों में हिंदी अनुवाद की भाषा होती है । अधिकतर पाठ अँग्रेजी मूल से हिंदी में अनूदित होती है । समाचार बुलेटिन तथा अन्य कार्यक्रम भी मूलत: अँग्रेजी में निर्मित होते हैं और उन्हें हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में अनुवाद कर प्रसारित किया जाता है । इसलिए वे अनूदित पाठ हिंदी की मूल भाषिक प्रकृति के अनुसार नहीं होते । उनमें अनेकों भाषागत दोष स्पष्ट दिखाई देते हैं ।

भारतीय प्रशासन तंत्र सारा अँग्रेजी माध्यम में कार्य करता है और जहां हिंदी की आवश्यकता होती वहाँ अँग्रेजी पाठ का भाषिक रूपान्तरण करवाया जाता है । इस रूपान्तरण की जांच नहीं होती और बिना पुनरीक्षण के ही अनूदित पाठ को प्रसारित कर दिया जाता है । ऐसी स्थिति में अनेकों बार अर्थ का अनर्थ होता है । इसी अनुवाद की भाषा के कारण नोबल पुरस्कार विजेता उपयासकार ' आइजैक बी सिंगर ' देहांत के बाद उपन्यासकार के साथ गायक भी हो गए थे ( सिंगर की हिंदी - गायक ) । ' तर्कतीर्थ लक्षण शास्त्री, अँग्रेजी के कारण ' ताड़कातीर्थ ' हो गए और ' बटुक ' - ' बटक ' हो जाते हैं ।

संचार माध्यमों के प्रकार -

1 इलेक्ट्रानिक माध्यम - टी वी, रेडियो , सिनेमा, इन्टरनेट

इस माध्यम के अंतर्गत समाचार, मनोरंजन के कार्यक्रम ( धारावहिक नाटक, प्रहसन, रिएलिटी

शो ), खेलो का सीधा प्रसारण - आँखों देखा हाल, व्यापार एवं वाणिज्यिक कार्यक्रम, साक्षात्कार,

ब्लागिंग, ई-मेल आदि का प्रसारण होता है ।

इन सभी कार्यक्रमों में हिंदी भाषा का प्रयोग होता है । इनमे से सरकारी और निजी क्षेत्र के माध्यमों

की प्रसारण नीतियों में काफी अंतर है । सरकारी माध्यमों में हिंदी का परिनिष्ठित और मानक रूप

( राजभाषा नियमों के अनुसार - गृह मंत्रालय के द्वारा निर्धारित नियमों के अधीन ) प्रयुक्त होता है ।

किन्तु निजी (प्राइवेट ) माध्यमों में प्रयुक्त हिंदी भाषा का स्वरूप इससे भिन्न होता है जिसमे अंग्रेजी

मिश्रित भाषा रूपों का प्रयोग होता है जो बाजार से नियंत्रित होती है ।

2 प्रिंट माध्यम - समाचार पत्र, पत्र-पत्रिकाएँ ।

प्रिंट माध्यम( मुद्रित माध्यम ) इलेक्ट्रानिक माध्यम से भिन्न भाषा को गढ़ता है । मुद्रित माध्यम के

अंतर्गत समाचार पत्र और विभिन्न विषयों पर प्रकाशित पत्र पत्रिकाएँ सम्मिलित होती हैं । समाचार

पत्रो का प्रयोजन केवल एक ही दिन अथवा कुछ घंटों का ही होता है । किन्तु मुद्रित रूप में होने के कारण इसमे समाचार या अन्य विवरण पठनीय बनकर उपभोक्ता पर दीर्घावधि प्रभाव छोड़ता है ।

5

प्रिंट माध्यम में प्रकट भाषा का अनुभव पाठक पढ़कर प्रात करता है जब कि इलेक्ट्रानिक माध्यम में भाषा का प्रयोग संबंधित प्रस्तोता करता है और उसे दर्शक या श्रोता केवल सुनकर उस भाषा का अनुभव प्राप्त करता है । मुद्रित माध्यम की भाषा उपभोक्ता ( पाठक ) पर दीर्घ अवधि असर पैदा करती है जब कि इलेक्ट्रानिक माध्यम के द्वारा प्रसारित भाषा प्रयोग का प्रभाव अत्यल्प अवधि के लिए होता है । प्रिंट माध्यमों में हिंदी भाषा के अनेक रूप विद्यमान हैं । संस्कृतनिष्ठ हिंदी , उर्दू मिश्रित हिंदी , स्थानीय भाषा मिश्रित हिंदी

( हैदराबाद में दखिनी मिश्रित ), अँग्रेजी मिश्रित हिन्दी आदि । प्रिंट माध्यमों में बड़े पद नामों, मंत्रालयों, संस्था के नामों की संक्षिप्तियाँ ( Abbriviations ) प्रचालन में हैं । भारतीय जनता पार्टी के लिए भाजपा, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन के लिए संप्रग, राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के लिए रांकपा, । अनेकों अंग्रेजी के शब्दोंका लिप्यंतरण प्रचलन में है जैसे - सी बी आई, ए सी बी, आई टी विभाग, सी एम, पी एम , एफ एम आदि । पत्रकारिता की हिंदी भाषा प्रत्येक की भिन्न भिन्न होती है और यह नीतिगत निर्णय के आधार पर प्रयुक्त होती है । कुछ समाचार पत्र संस्कृत निष्ठ हिंदी के प्रयोग पर बल देते हैं तो कुछ सरल हिन्दुस्तानी के प्रयोग पर । इधर प्रिंट माध्यम में अंग्रेजी मिश्रित हिंदी भाषा के प्रयोग को अधिक बढ़ावा दिया जा रहा है । समाचार पत्रों के लिए भी हिंदी भाषा के मौलिक प्रयोग में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है क्योंकि समाचार एजिंसियों द्वारा जो भी समाचार एकत्रित किए जाते हैं वे मूलत: अंग्रेजी में ही संकलित किए किए जाते हैं । संबंधित एजेंसियां अपने ग्राहक समाचार पत्रों को इन समाचारों को मूलत: अंग्रेजी में ही उपलब्ध कराती है । अंग्रेजी में प्राप्त समाचारों का हिंदी में अनुवाद करवाकर जल्द से जल्द उन्हें हिंदी में प्रकाशित किया जाता है । कभी कभी हिंदी के पाठ में परिलक्षित अटपटापन इसी अनुवाद की त्रुटियों के कारण होता है । समाचारों में कई प्रकार के समाचार होते हैं जैसे राजनीतिक समाचार, खेलकूद संबंधी समाचार, व्यापार क्षेत्र के समाचार, बाजार के समाचार ( वस्तुओं तथा पदार्थो की कीमतें ) , सांकृतिक समाचार, अनेकों तरह के विज्ञापन, निविदा सूचनाएँ, अधिसूचनाएं, वर्गीकृत विज्ञापन, धार्मिक समाचार आदि। इस सभी क्षेत्रों के लिए भिन्न भिन्न भाषा प्रयुक्तियों का प्रयोग मुद्रित माध्यमों में आवश्यकतानुसार होता है । हिंदी में सभी क्षेत्रों से संबंधित प्रयुक्तियाँ ( भाषा रूप ) उपलब्ध हैं और इनका प्रयोग यथास्थान कियाजाता है । हिंदी में इन प्रयुक्तियों को समझने में पाठक को थोड़ी सी कठिनाई होती है

सिनेमा एक महत्वपूर्ण संचार का माध्यम है । यह मात्र मनोरंजन का साधन ही नहीं बल्कि एक उपयोगी दृश्य-श्रव्य माध्यम है जिसने बीसवीं सदी में सामान्य जीवन को क्रांतिकारी रूप से प्रभावित किया है । सिनेमा की भाषा दर्शक पर अपना अमिट प्रभाव छोड़ती है । सिनेमा में संवाद और संगीत दोनों का मूल आधार भाषा ही होती है । हिंदी सिनेमा अपने उद्भव काल से ही भारत की संस्कृति को अपनी अनुपम भाषिक वैविध्य तथा अभिव्यक्तियों से जनमानस को सम्मोहित किया है । हिंदी सिनेमा का भाषा पक्ष प्रारम्भ से अपने भाषिक वैशिष्ठ्य के लिए विश्व भर में जाना जाता है । हिंदी सिनेमा में तीन तरह भाषिक शैलियों का प्रयोग होता है - हिंदी, उर्दू और उर्दू मिश्रित हिंदी अर्थात हिंदुस्तानी, स्थानीय भाषा मिश्रित हिंदी । इन सबमें हिंदुस्तानी शैली सर्वाधिक लोकप्रिय, सरल त बनाने था समस्त भारतीय दर्शकों के लिए बोधगम्य मानी जाती है । हिंदी सिनेमा की आत्मा इसका संगीत और गीत होते हैं जिनमे भाषा तत्व का प्राधान्य होता है हिंदी भाषा को देश और देश के बाहर सरलता से ग्राह्य बनाने में सबसे ज्यादा योगदान हिंदी सिनेमा का है । हिंदेतर प्रदेशों में जहां हिंदी शिक्षण की समुचित व्यवस्था नहीं है वहाँ हिंदी को बोलचाल के स्तर पर

6

व्यावहारिक रूप देने का कार्य हिंदी फिल्मों ने किया है । आज भी देश के हर कोने मे हिंदी भाषा के अस्तित्व को स्थापित करने मे इसी संचार माध्यम का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है । संचार माध्यमों मे विपुल प्रयोग के कारण हिंदी का वर्चस्व विगत वर्षों मे सुप्रतिष्ठित हुआ है । हिंदी की बढ़ती हुई मांग और लोकप्रियता भारत मे व्याप्त अंग्रेजी के असर को प्रभावित कर सकती है । संचार माध्यम हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं के प्रयोग को अधिक प्रयोजनकारी बना सकते हैं ।

प्रो एम वेकटेश्वर

पूर्व - अध्यक्ष

हिंदी एवं भारत अध्ययन विभाग

अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय

हैदराबाद ।

Thursday, March 15, 2012

दक्षिण भारत में हिंदी में शोध की समस्याएँ

- एम वेंकटेश्वर

भारत एक बहुभाषी देश है । आज़ादी के बाद की एक जनगणना के आधार पर कहा जा सकता है कि इस देश में एक हजार से अधिक मातृभाषाएँ विद्यमान हैं । जिनको दो सौ वर्गीकृत भाषाओं में बांटा जा सकता

है । यह तथ्य कम महत्वपूर्ण नहीं है कि हमारे देश में साक्षर व्यक्तियों की संख्या अनुपात में कम होने तथा भाषा शिक्षण की किसी निश्चित योजना-बद्ध अध्ययन-अध्यापन के अभाव के बावजूद भी बहुभाषिकता देश की संचार व्यवस्था की प्रमुख शक्ति है । भारत में बहुभाषिकता किसी समस्या के रूप में नहीं रही , जैसा कि कुछ लोगों का विचार है । यहाँ की संचार ( संप्रेषण ) व्यवस्था समाज की अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप जिस प्रकृति में ढलती गई उसमें बहुभाषिक स्थिति एक सहज और प्राकृतिक लक्षण के रूप में उभरी । यही कारण है कि न केवल भारत, एक देश के रूप बहुभाषी देश है वरन् हर भाषावार प्रदेश भी एक बहुभाषी प्रदेश है ।

भारत की बहुभाषिकता की स्थिति की यह प्रकृति समुदायपरक है न कि व्यक्तिपरक । व्यक्तिपरक बहुभाषिकता, एक भाषा-भाषी समुदाय में देखी जाती है जहां अन्य व्यक्ति अपने ज्ञान या अन्य वैयक्तिक प्रयोजनों के कारण अन्य भाषा को स्वीकार करता और उसके प्रयोग को सीखता है । उदाहरण के लिए जब कोई विदेशी अपने देश में जब हिंदी या अन्य कोई भारतीय भाषा सीखने की और प्रवृत्त होता है तब उसकी यह आवश्यकता उसके समाज की संचार (संप्रेषण ) व्यवस्था का हिस्सा नहीं बनती , बल्कि इसके विपरीत समुदायपरक बहुभाषिकता, एक बहुभाषी देश के समाज की व्यापक संचार ( संप्रेषण ) व्यवस्था का एक भाग बन जाती है । पारिवारिक व्यवहार, संप्रेषणीयता, दैनिक आचरण आदि के संदर्भ में जब समाज एक से अधिक भाषाओं के प्रयोग को सहज और स्वाभाविक स्तर पर स्वीकार करने लगे तब समुदायपरक बहुभाषिकता की स्थिति उभरती है । इस दृष्टि से देखें तो जिसे हम भारत में हिंदी प्रदेश कहते हैं, वह भी एक समुदायपरक बहुभाषी प्रदेश के रूप में ही सामने आता है ।

बहुभाषिकता के संदर्भ में यह तथ्य ध्यान देने योग्य है कि हर भाषा, समाज के हर प्रकार के दायित्व को नहीं निभाती । अगर बहुभाषिकता की प्रकृति व्यक्तिपरक न होकर समुदायपरक है तब विभिन्न भाषाओं का प्रयोग अपने एक निश्चित सामाजिक संदर्भ की अपेक्षा रखेगा । उसी संदर्भ में उस भाषा का प्रयोग सहज और सामान्य माना जाएगा । जिस प्रकार किसी एक भाषा के भीतर कई शैलियाँ होती हैं और हर शैली एक विशेष सामाजिक-सांस्कृतिक संदर्भ की मांग करती है ।

भारतीय समाज न केवल बहुभाषी समाज है बल्कि वर्गीकृत होने के कारण उसकी भाषाओं में शैलीभेद सामाजिक प्रयोजनों के साथ सम्बद्ध होकर सामने आते हैं । इन भाषाओं में ' डायग्लोसिया ' ( भाषा-द्वैत ) की स्थिति स्पष्ट दिखाई देती है । बंगाली भाषा में ' चालित ' और ' साधुभाषा ' तेलुगू में ' व्याहारिक ' और ' ग्रांथिका ' शैली अथवा तमिल में ' पेच्चु ' और ' सेन्न तमिल ' - की दो स्पष्ट शैलियाँ प्रचलित हैं। ' चालित' ' व्यावहारिक ' और पेच्चु ' आदि शैलियाँ वस्तुत: इन भाषाओं की आधारभूत शैलियाँ हैं जिन्हें सामान्य व्यक्ति सहज रूप में सीख लेता है । इसके विपरीत ' साधुभाषा ' ' ग्रांथिका ' अथवा ' सेन्न तमिल ' इन भाषाओं की वह शैली है जिसे अधिक प्रतिष्ठा मिली है और जिसके न जानने से व्यक्ति सुसंस्कृत नहीं माना जाता अथवा उस भाषा का उसका ज्ञान अधूरा समझा जाता है ।

हिंदी की स्थिति इन भाषाओं से जटिल इस अर्थ में है कि इसमे आधारभूत शैली के अतिरिक्त एक नहीं अपितु दो आरोपित शैलियाँ मौजूद हैं । आधारभूत शैली को प्राय: सामान्य हिंदी या हिंदुस्तानी की संज्ञा दी

2

जाती है और आरोपित शैलियों को संस्कृतनिष्ठ या शिष्ट अथवा उच्च हिंदी और फारसी -अरबीनिष्ठ या उर्दू शैलियाँ कहा जाता है । हिंदी और उर्दू के बीच गहरी खाई का काम करने वाले दो प्रमुख तत्व रहे हैं - लिपि और साहित्यिक परंपरा । हिंदी नागरी लिपि की मुखाक्षेपी है और उर्दू फारसी लिपि की । हिंदी की परंपरा भारत की उस जातीय संस्कृति का संवहन कर रही है जो संस्कृत भाषा से अबाध गति से संचालित और परिवर्धित हुई है जब कि उर्दू फारसी की भाषिक परंपरा को आत्मसात करती रही है । पर लिपि भाषा नहीं होती और लिपि भेद को भाषा भेद का आधार नहीं बनाया जा सकता । इस संदर्भ में हमें इस तथ्य को स्वीकार करना होगा कि इन दोनों आरोपित साहित्यिक शैलियों का मूल आधार एक ही है - हिंदुस्तानी , जो न केवल दोनों ही लिपियों में लिखी जा सकती है बल्कि नागरी में लिखित पाठ को एक वर्ग हिंदी से जोड़ता है तो फारसी लिपि में लिखित उसी पाठ को दूसरा वर्ग उर्दू कहता है ।

भारत जैसे देश में जहां बहुभाषिकता इतिहास समर्थित रही है और जहां भाषा - सहिष्णुता सामाजिक संस्कृति का निर्वाहक तत्व रहा है वहाँ आज भाषा वैमनस्य को भावना का तीव्र उद्रेक निश्चय ही भाषा नियोजन की किसी गहरी भूल का परिणाम ही माना जा सकता है । भाषा नियोजन के लिए यह निश्चित करना आवश्यक है कि अन्य भाषा अथवा द्वितीय भाषा के रूप में कोई भाषा किन प्रयोजनों को साधती है और इस दृष्टि से आज की भाषाई स्थिति में हिंदी किन प्रयोजनों को लेकर प्रदेश अथवा संघ की स्वीकृत भाषा बन सकती है । भारत के अधिकतर प्रदेशों में हिंदी की स्थिति द्वितीय,भाषा अथवा अन्य भाषा के रूप में व्यवहरित हो रही है। भले ही इसे संविधान में राजभाषा का दर्जा प्राप्त है लेकिन अभी भी यह तकनीकी दृष्टि से संविधान में राष्ट्रभाषा के रूप में उल्लिखित नहीं है । इसके बावजूद भी हिंदी भाषा और साहित्य का अध्ययन - अध्यापन देश के हर हिस्से में सक्रिय रूप से हो रहा है । हिंदी भाषा और साहित्य का अध्ययन, अध्यापन और शोध रोजगार की संभावनाओं से लैस है । अन्य भारतीय भाषाओं के अध्ययन- अध्यापन की ही भांति भारत में हिंदी तथा हिंदेतर प्रदेशों में स्कूली शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालयी शिक्षा स्तर तक इसकी व्याप्ति है । अन्य भाषा अथवा द्वितीय भाषा के रूप में हिंदी भाषा के प्रयोग के चार प्रमुख प्रयोजन देखे जा सकते हैं -

1 सहायक भाषा : ( Auxiliary language )

जब अन्य भाषा या द्वितीय भाषा ( मातृभाषा से इतर भाषा ) सामाजिक संप्रेषण के लिए काम में न लाई जाए और उसे केवल ज्ञान के माध्यम के रूप में ही स्वीकार किया जाए तब ऐसी भाषा को सहायक भाषा की संज्ञा दी जा सकती है । विभिन्न विदेशी विश्वविद्यालयों में हिंदी का अध्ययन, भारतीय समाज, संस्कृति और साहित्य की जानकारी के लिए उपकरण के रूप में की जाती है । इस तरह के प्रशिक्षण से उस तरह के द्विभाषी निकलते हैं जो ज्ञान के धरातल पर तो हिंदी सीख लेते हैं पर समाज के वास्तविक संदर्भों में इनका व्यावहारिक उपयोग नहीं कर पाते । इस सहायक भाषा को पुस्तकालयी भाषा रूप भी कहा जाता है ।

2 संपूरक भाषा : ( Supplimentary language )

जब अन्य भाषा या द्वितीय भाषा, व्यवहार में तो प्रयुक्त हो लेकिन जिन आवश्यकताओं के लिए अपनाई जाती है वह अपनी प्रकृति में अस्थाई तथा अपने प्रयोग में अत्यंत सीमित हो ( जैसे पर्यटकों के उपयोग तक सीमित भाषा ) तब उसे संपूरक भाषा की संज्ञा दी जाती है । इस दृष्टि से पढ़ाई जाने वाली भाषा आंशिक क्षमता वाले द्विभाषियों को ही पैदा कर सकती है । भाषा का सहायक और संपूरक प्रयोजन व्यक्तिपरक और

3

व्यक्तिसाधक है न कि समाजपूरक और समाजसाधक । ये दोनों प्रयोजन किसी भाषा समाज की संप्रेषण व्यवस्था की आवश्यकता पर आधारित नहीं होते ।

3 परिपूरक भाषा ( Complimentary language )

अन्य भाषा के रूप में प्रयोग में आने वाली भाषा प्रथम या मातृभाषा के परिपूरक प्रयोजन में सिद्ध तब मानी जा सकती है जब वही भाषा निर्धारित भाषा-समाज के सीमित, परंतु निर्दिष्ट सामाजिक संदर्भों में स्वभावत: प्रयुक्त की जाये । इस दृष्टि से यदि हम अंग्रेज़ी के प्रयोग पर ध्यान दें तो स्पष्ट हो जाता है कि वह भारतीय भाषा समाज के परिपूरक प्रयोजन के लिए सिद्ध है । वस्तुत: अंग्रेज़ी इसी संदर्भ में एक अक्षेत्रीय लेकिन अखिल भारतीय स्तर पर व्यवहार में लायी जाने वाली संपर्क भाषा के रूप में विकसित हुई ।

4 समतुल्य भाषा ( Equative language )

जब अन्य भाषा या द्वितीय भाषा उन सभी सामाजिक संदर्भों में प्रयुक्त होने लगे जिसमे मातृ-भाषा प्रयोग में लायी जाती है तब उसे समतुल्य भाषा प्रयोजन की संज्ञा दी जा सकती है । ऐसी स्थिति में कोई भी द्विभाषी धीरे धीरे एक-भाषी बन जाता है, क्योंकि उसके लिए मातृभाषा एक अर्थहीन भाषा बन जाती है । यह स्थिति अमेरिका जैसे देशों में प्राय: देखने को मिलती है, जहां दूसरे भाषा-समाज के लोग वहाँ बसने के एक या दो पीढ़ी के बाद अपनी मातृभाषा को आनुषंगिक और बाद में अर्थहीन देखकर उसे त्याग देते हैं और अंत में वहाँ की भाषा को ही अपनी प्रथम भाषा के रूप में स्वीकार कर लेते हैं ।

हिंदेतर ( अहिंदी ) भाषी क्षेत्रों में हिंदी शिक्षण का सही दृष्टिकोण परिपूरक प्रयोजनों के लिए होना चाहिए । हर प्रदेश की अपनी मातृभाषा तो है ही इसलिए हिंदी का शिक्षण उन संदर्भों में करना अनुचित होगा जिनके लिए पहले से ही मातृभाषा का प्रयोग होता रहा है । ऐसा न करने पर हिंदी अनावश्यक रूप से अन्य भारतीय भाषाओं की प्रतिद्वंद्विता में उलझ जाएगी ।

भारतीय समाज भाषा वैविध्य को बिना मिटाये हुए भाषा की एकता पर बल देता रहा है । भाषा सहिष्णुता उसकी जातीय एवं सांस्कृतिक चेतना की आंतरिक शक्ति के रूप में स्थित रही है । हिंदी भाषा शिक्षण का सही संदर्भ यही है कि हम पहले भारतीय समाज की बहुभाषिकता की प्रकृति को ठीक से समझें और तदनुरूप विभिन्न भाषा प्रयोजनों के संदर्भ में हिंदी का अन्य भाषाओं के साथ संबंधों का सही आकलन करते हुए भाषा शिक्षण को सार्थक बनाएँ ।

दक्षिण के चार राज्यों में हिंदी अन्य भाषा अथवा द्वितीय भाषा का स्थान लिए हुए है । इन राज्यों में तेलुगू, तमिल, कन्नड और मलयालम मातृभाषा के रूप में प्रयुक्त होती हैं । हिंदी भाषा और साहित्य का शिक्षण इन राज्यों में प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक और उच्च शिक्षा के स्तर पर द्वितीय और तृतीय भाषा के रूप के रूप में होता है । द्वितीय भाषा शिक्षण की पद्धति के द्वारा दक्षिण में हिंदी का अध्यापन राज्य स्तरीय विद्यालयों तथा केंद्र शासित शिक्षा विधान के अंतर्गत होता है । हिंदेतर प्रदेश होने के कारण तेलुगू अथवा अन्य राज्य की भाषाओं के समतुल्य हिंदी भाषा का शिक्षण नहीं हो पाता । इसके अनेक कारण हैं । हिंदी की वर्तमान लोकप्रियता तथा भावनात्मक रुझान के बावजूद शिक्षण के स्तर पर महानगरों के अतिरिक्त कस्बाई क्षेत्रों में हिंदी भाषा का शिक्षण कठिन और बड़ी चुनौती से भरा कार्य है । दक्षिण के कुछ महानगर विशेषकर राजधानी नगरों में हिंदी भाषा की मौजूदगी सांस्कृतिक सामासिकता के कारण तथा व्यापार- वाणिज्य, बाजार और सिनेमा के प्रभाव से हिंदी बोलचाल के स्तर पर स्वीकृत अवश्य है और इसका

4

व्यावहारिक प्रयोग भी आशाजनक है, वैसे ही शिक्षण के स्तर भी महानगरीय वातावरण में हिंदी भाषा का शिक्षण अपेक्षाकृत सकारात्मक दिखाई पड़ता है । कुछ वर्षों तक दक्षिणी राज्यों में दसवीं कक्षा में हिंदी में उत्तीर्णता अनिवार्य नहीं हुआ करती थी किन्तु अब इस स्थिति में परिवर्तन कर दिया गया है और आंध्र प्रदेश में राज्य शिक्षा मंत्रालय द्वारा हिंदी (भाषा ) में उत्तीर्णता अनिवार्य कर दी गयी है । इस कारण अब प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के छात्र हिंदी के प्रति अधिक सतर्क हो रहे हैं । दक्षिण भारतीय वातावरण में स्थानीय भाषा का प्रभाव पूरी तरह छात्रों पर हावी रहता है जिससे हिंदी भाषा के शिक्षण में अनेकों समस्याएँ शिक्षकों के सम्मुख उपस्थित होती हैं । जहां एक और मातृभाषा स्वाभाविक रूप से बालक परिवार और परिवेश से अनायास और सहज ही ग्रहण कर लेता है वहीं उसे द्वितीय और तृतीय भाषाओं को सीखने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने की आवश्यकता होती है जो कि अनेकों संदर्भों में माता-पिता और छात्र को अनावश्यक और निरर्थक लगती है । इसलिए इस अतिरिक्त परिश्रम से बचने के लिए हिंदी ( द्वितीय या तृतीय भाषा ) को सीखने में छात्रों का एक बड़ा समुदाय उत्साह का प्रदर्शन नहीं करता। दूसरी और हिंदी की उपयोगिता का प्रश्न भी दक्षिण के छात्रों के लिए महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि अंग्रेज़ी का सर्वव्यापी वर्चस्व और उसकी व्यावहारिक उपयोगिता हिंदी के प्रयोजन को धुंधला कर देती है । दक्षिण के छात्र स्कूली धरातल से ही द्वितीय भाषा को महत्वहीन मानते हैं और वे अंग्रेज़ी, जो की प्रथम भाषा का स्थान ले चुकी है, उसे साधने और दक्षता हासिल करने में अपनी सारी शक्ति लगा देते हैं । भारत की उच्च शिक्षा तथा वृत्तिमूलक ( व्यावसायिक अथवा प्रोफेशनल एजुकेशन ) शिक्षा प्रणाली केवल अंग्रेज़ी में ही उपलब्ध होने के कारण, हिंदी भाषा को द्वितीय भाषा के रूप में स्वीकार करने में छात्रों तथा अभिभावकों को कोई दूरगामी लाभ नहीं दिखाई देता।

आज का जीवन उपभोक्तावादी संस्कृति से पूर्णत: प्रेरित, प्रभावित तथा संचालित है । इसलिए भाषाओं का व्यवसायीकरण आज बड़े पैमाने पर हो रहा है । भारतीय भाषाओं की खपत केवल बाजार में है जहां हिंदी एवं अन्य भाषाओं के माध्यम से बाजार से अधिक से अधिक धन कमाया जा सके। इसके लिए आवश्यकतानुसार वस्तु-विषय-केन्द्रित भाषा शिक्षण बाजार में उपलब्ध है जिसको अधिगम के रूप में ग्राहकों को उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न तरह के शिक्षण केंद्र व्यावसायिक दृष्टि से खुल गए हैं । भाषा और साहित्य का अध्ययन किसी भी देश और समाज की संस्कृति को जानने के लिए किया जाता है जो कि सांस्कृतिक अध्ययन का एक अंग होता है । भाषा संस्कृति की वाहिका होती है और भाषा विचारों का संवहन करती है। भाषा का मूल उद्देश्य संप्रेषण होता है। किसी भी भाषा का ज्ञान इस भाषा से जुड़े हुए साहित्य तथा समाज का अध्ययन करने की क्षमता प्रदान करता है । भाषिक कौशल आज हर व्यक्ति के लिए सफलता की कुंजी बन गई है । भाषिक कौशल अथवा भाषिक सक्षमता के अभाव में व्यक्ति की अभिव्यक्ति एवं संप्रेषण की क्षमता प्रभावित और कुंठित हो जाती है और वह पेशे में अपनी अलग पहचान नहीं बना सकता इसलिए आज भाषा कौशल जो कि संप्रेषण कौशल का अभिन्न अंग है, महत्व बढ़ गया है ।

शिक्षा का क्षेत्र रोजगार का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जिसमे उत्तम शिक्षकों की आवश्यकता अनंत काल से हर युग में हर समाज में रही है । भाषा कौशल सफल और प्रभावशाली शिक्षक का विशिष्ट गुण होता है, जिसे उसे अर्जित करना पड़ता है । विशेष रूप से जब वह शिक्षक एक द्वितीय भाषा का शिक्षण कर रहा हो तो उसे अतिरिक्त रूप से अपने संप्रेषण कौशल को स्व-प्रयासों से साधने की आवश्यकता होती है । उच्चारण के

5

स्तर पर मुख्य रूप से उसे मातृभाषा के प्रभाव से स्वयं को स्वतंत्र व मुक्त रखना होता है। दक्षिण भारतीय भाषा-भाषी शिक्षक के लिए हिंदी भाषा का शिक्षण एक चुनौती बन जाती है यदि वह अपनी भाषिक क्षमता को मूल-भाषिक स्तर पर न ला पाता हो । भाषा विज्ञान के पर्यवेक्षण के अनुसार भाषिक उच्चारण को प्रभावित करने वाले तत्वों में प्रमुख भूमिका जहां मातृभाषा की अधिक होती है वहीं भौगोलिक और सामाजिक परिवेश भी उच्चारण क्षमता पर असर करती है। भाषा के अधिगम में शिक्षार्थी को इस बात की और ध्यान देना आवश्यक हो जाता है । दक्षिण भाषी शिक्षार्थी और शिक्षक, दोनों में इस प्रकार के विकार स्पष्ट दिखाई देते हैं, जो कि मातृभाषा के प्रभाव से उत्पन्न होते हैं साथ ही भौगोलिक परिवेश के कारण भी लोग कुछ ध्वनियों के उच्चारण में कठिनाई का अनुभव करते हैं । दक्षिण में हिंदी भाषा की ध्वनियों के उच्चारण दोषों मे मुख्यत: महाप्राण ध्वनियों का स्पष्ट उच्चारण एक बड़ी समस्या है । उसी प्रकार हिंदी के संयुक्ताक्षरों के उच्चारण में भी दक्षिण भारतीयों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है । दक्षिण की भाषाएँ उच्चारण के धरातल पर स्वरांत भाषाएँ हैं अर्थात प्रत्येक शब्द अकारांत होने के बावजूद भी आकारांत की ध्वनि के साथ उच्चरित होता है । जब कि हिंदी में ऐसा नहीं है । हिंदी के अकारांत शब्दोंका उच्चारण हलंत युक्त ध्वनि के रूप में किया जाता है । तेलुगू भाषियों के लिए इस तथ्य को सतर्कता के साथ इसकी सूक्ष्मता के प्रति सचेत रहते हुए भाषा शिक्षण की प्रक्रिया को स्वीकार करना चाहिए ।

कारक चिह्नों के प्रयोग में विशेष रूप से दक्षिण भारतीयों को हिंदी के कर्ताकारक के चिह्न ' ने ' के प्रयोग में विशेष कठिनाई होती है । इस कारक चिह्न के प्रयोग को जब तक उन्हें व्याकरणिक रीति से समझाया नहीं जाएगा, वे हिंदी के वाक्यों में ' ने' कारक चिह्न का सही प्रयोग करने में असमर्थ होंगे। उसी प्रकार हिंदी के क्रिया पदों के प्रयोग की समस्या भी जटिल है । इस ओर भी दक्षिण भारतीय हिंदेतर भाषियों के लिए विशेष भाषिक प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है । दक्षिण भारतीय भाषी लोगों के लिए हिंदी में लिंग और वचन के सही प्रयोग की समस्या जटिल है। इनके लिए हिंदी के अप्राणीवाचक शब्दों के लिंग निर्धारण और उसके सही प्रयोग की समस्या भी एक गंभीर समस्या होती है । इस तरह हम देखते हैं कि द्वितीय भाषा अथवा अन्य भाषा के रूप में हिंदी भाषा के शिक्षण की समस्याएँ, उच्चारण और लेखन - दोनों स्तरों पर शिक्षण में बाधक होती हैं जिनका निवारण शिक्षक को करना पड़ता है ।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षण के लिए जो अर्हताएँ निर्धारित कि गयी हैं उनमें नियमों के अनुसार शोध की उपाधि अनिवार्य कर दी गयी है । अर्थात विश्वविद्यालयी शिक्षण के लिए शिक्षक के लिए शोध की उपाधि

( एम फिल अथवा पीएच डी ) अनिवार्य है । हिंदी भाषा और साहित्य संबंधी विषयों पर शोध की उपाधि, आज हिंदी के उच्च शिक्षा की शिक्षण प्रणाली के लिए अनिवार्य है । इसलिए स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के उपरांत उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश पाने के इच्छुक शिक्षार्थी शोध की उपाधि हासिल करने के लिए विश्वविद्यालयों में इन उपाधिगत पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेते हैं । हिंदी भाषा और साहित्य से संबंधित विषयों पर शोध करने वाले दक्षिण भारतीय शोधार्थियों की समस्याएँ अन्य भाषी क्षेत्रों के शोधार्थियों से अनेक अर्थों मे भिन्न हैं ।

शोध एक जटिल और संष्लिष्ट प्रक्रिया है जिसमे अल्प ज्ञात, एवं अज्ञात तथ्यों की खोज ही शोध का उद्देश्य होता है । ज्ञान विज्ञान की विभिन्न शाखाओं के विषयों पर शोध के लिए भिन्न भिन्न शोध-प्रविधियां अपनाई जाती हैं । साहित्यिक तथा भाषागत शोध की एक अलग शोध-प्रविधि निर्धारित है जिसकी सैद्धांतिकी का

6

ज्ञान प्रत्येक शोधार्थी लिए अनिवार्य है । दक्षिण भारत मे हिंदी मे शोध की समस्याओं का आकलन निम्नलिखित आधार पर किया जा सकता है -

1 विषय चयन की समस्या ( हिंदी मे भाषा कौशल के अभाव के कारण )

हिंदी मे साहित्यिक एवं भाषागत शोध विषय के चयन के लिए शोधार्थी का भाषा कौशल एवं भाषिक निपुणता बहुत महत्व रखती है । हिंदी साहित्य की परिसीमाएँ अतिविस्तृत होने के कारण हिंदी के ही अंतर्गत ब्रज, अवधी, राजस्थानी, डिंगल, पिंगल भाषाओं के साहित्य को समाविष्ट किया गया है । मध्ययुगीन हिंदी साहित्य मुख्यत: उपरोक्त भाषा समूहों मे रचित है, जिनका स्वरूप खड़ी बोली हिंदी के स्वरूप के अति निकट होते हुए भी नितांत भिन्न है । आज हिंदी का खड़ी बोली स्वरूप व्याहारिक तथा शैक्षिक धरातल पर मानक हिंदी के रूप मे मान्य है । दक्षिण भारतीय शोधार्थी हिंदी को उसी रूप मे स्वीकार करता है क्योंकि द्वितीय भाषा के रूप मे सीखकर आने वाले शोधार्थी के लिए खड़ी बोली हिंदी अपेक्षाकृत सरल तथा बोधगम्य लगती है । परिणाम स्वरूप दक्षिण भारतीय मातृभाषा के छात्र ब्रज, अवधी जैसी भाषाओं मे रचित साहित्य का अध्ययन करने से पीछे हटते हैं साथ ही वे ऐसे भाषिक विषयों का चयन शोध हेतु नहीं कर पाते।

इसीलिए अक्सर यह देखा जाता है कि दक्षिण भारतीय शोधार्थी सरल खड़ी बोली हिंदी रचित साहित्यिक विधाओं पर आधारित विषयों को ही शोध हेतु चुनते हैं ।

दक्षिण भारतीय छात्रों के लिए हिंदी की आंचलिक बोलियों या भाषाओं मे रचित साहित्य की बोधगम्यता एक बहुत बड़ी समस्या है । भारत के विभिन्न अंचलों मे स्थानीय (आंचलिक) भाषाओं का व्यवहार मे प्रचलन है । ऐसी स्थानीय आंचलिक भाषाओ का साहित्य हिंदी मे बहुत चर्चित तथा लोकप्रिय है जिसमे लोक संस्कृति के तत्व प्रचुर मात्रा मे उपलब्ध होते हैं । भारत की लोक सांस्कृतिक धरोहर का अध्ययन आंचलिक भाषाओं मे रचित साहित्य के अध्ययन और शोध से ही संभव है, किन्तु दक्षिण भारतीय हिंदेतर भाषी छात्र के लिए यह कठिन और दुर्बोध हो जाता है । इस कारण दक्षिण भारत मे आंचलिक साहित्य एवं लोकसाहित्य संबंधी विषयों पर शोध कार्य संभव नहीं हो पाता है । वैसे भी किसी भी आंचलिक भाषा की बोधगम्यता का सीधा संबंध उस भूखण्ड के मूल निवासियों के जीवन से जुड़ा हुआ विषय होता है। उदाहरण के लिए ' रेणु ' के ' मैला आँचल ' उपन्यास को दक्षिण भारतीय ( हिंदेतर भाषी ) छात्र के लिए समझ पाना कठिन है । यहाँ तक कि खड़ी बोली हिंदी के प्रयोक्ता भी पूर्णिया जिले की आंचलिक भाषा को पूरी तरह समझ पाने मे असमर्थ दिखाई पड़ते हैं । भाषिक बोध की कठिनाईके कारण हिंदेतर भाषी शोधार्थी, हिंदी की साहित्यिक कृतियों तथा इतर आलोचना एवं सहायक ग्रंथों के पढ़ने में एक तरह की मानसिक आलस्य से ग्रस्त पाए जाते हैं । स्वाध्याय का अभाव तथा शोध के लिए आवश्यक पूर्व - ज्ञान का अभाव इसी भाषा बोध की कठिनाई से उत्पन्न दुष्परिणाम ही हैं ।

हमारे देश मे आज हिंदी शिक्षण का अर्थ खड़ी बोली हिंदी भाषा का शिक्षण माना जाता है । केवल खड़ी बोली हिंदी का शिक्षण हिंदी के विभिन्न आंचलिक भाषा रूपों को समझने मे सहायक नहीं होता। इसके लिए हिंदी मातृभाषा वाले शोधार्थी ही उपयुक्त सिद्ध हो सकते है ।

7

2 सामाग्री संकलन मे कठिनाई

हिंदेतर भाषी शोधार्थी शोध सामाग्री के संकलन मे भी भाषिक कठिनाइयों से जूझता है । साहित्यिक शोध मे सामाग्री संकलन, मूलत: अध्ययन केन्द्रित होता है इसलिए अधिक से अधिक सामाग्री, परीक्षण और सही वर्गीकरण तथा विश्लेषण, भाषिक कौशल एवं सामाग्री संबंधी बोध पर निर्धारित होता है । भाषिक सक्षमता या अक्षमता का असर गुणवत्ता -पूर्ण सामाग्री के संकलन पर पड़ता है जिससे शोध कार्य बाधित होता है तथा इसका दूरगामी प्रभाव शोध प्रबंध की उत्कृष्टता पर स्पष्ट दिखाई देता है ।

शोध सामाग्री के संकलन के लिए शोधार्थी को यदि हिंदी क्षेत्र में जाने की आवश्यकता पड़े तो वहां पर विषय संबंधी विचार विमर्श के लिए उसे अपने संप्रेषण कौशल पर निर्भर रहना पड़ता है जिसके अभाव में उसे संबंधित क्षेत्र से समुचित सहायता न मिल पाने की संभावना अधिक रहती है । हिंदेतर भाषी छात्रों में हिंदी भाषा का व्यावहारिक प्रयोग कराते समय विशेष संकोच का भाव दिखाई देता है, जो कि उनमें मौजूद हीनता बोध और आत्मविश्वास की कमी को प्रदर्शित करता है । इसके लिए आवश्यक है वे इस दुर्बलता का निवारण मानसिक सुदृढ़ता तथा अथक परिश्रम से भाषा कौशल को अर्जित करके करें । हिंदी भाषा के व्याहारिक प्रयोग में संकोची प्रवृत्ति शोध के प्रयासों को नकारात्मक ढंग से प्रभावित करती है । अधिकतर हिंदेतर भाषी छात्र ( द्वितीय भाषा स्तर की भाषिक क्षमता रखने वाले ) अकसर अपने विचारों को सटीक और सही रूप में व्यक्त नहीं कर पाते । वे अपने विचारों को मूलत: मातृभाषा में संकल्पित कर उसे ( अन्य भाषा अथवा द्वितीय भाषा ) हिंदी में रूपांतरित कराते हैं जिसमे गलतियां होती है और अशुद्ध अभिव्यक्तियां प्रकट होती हैं । वैचारिक आदान-प्रदान के लिए हिंदी में वार्तालाप आवश्यक होता है किन्तु भाषिक अक्षमता संप्रेषण में बाधक बनती है । हिंदेतर भाषी प्रदेशों में हिंदी भाषा और साहित्य संबंधी शोध सामाग्री का पूर्णत: अभाव देखा गया है । इन प्रदेशों में हिंदी की पुस्तकें ( मूल रचानाएं, सहायक ग्रंथ, संदर्भ ग्रंथ और पत्र-पत्रिकाएँ आदि ) दुर्लभ होती हैं । यह महत्वपूर्ण समस्या है । हिंदी की शोध सामाग्री के लिए दक्षिण भारतीय शोधार्थियों को सुदूर उत्तर भारत में स्थित प्रकाशकों एवं विश्वविद्यालयों और अन्य स्रोतों की और ताकना पड़ता है । यहां के सार्वजनिक पुस्तकालयों में भी हिंदी भाषा एवं साहित्य संबंधी पुस्तकों का नितांत अभाव है जो हिंदी में शोध में शोध कार्य को बाधित करता है । दक्षिण भारत के महानगरों के सिवाय प्रदेश के भीतरी भागों में हिंदी में शोध की सुविधाएं नगण्य है । ऐसे में हिंदेतर भाषी शोधार्थी को अपने भाषा ज्ञान को समृद्ध कर उसे शोध प्रबंध लेखन योग्य बनाने में कठिनाई होती है ।

3 शोध प्रबंध लेखन में मौलिक भाषा के प्रयोग की समस्या -

शोध की समूची प्रक्रिया - विषय चयन, प्रतिपादन, व्याख्या, सिद्दांत निरूपण, पृष्ठभूमि निर्माण, वर्गीकरण, विश्लेषण, तथा निष्कर्ष को लिखित प्रबंध के रूप में प्रस्तुत करने से संपन्न होती है । यह समूची प्रक्रिया लेखन पद्धति से की जाती है । हिंदी में शोध प्रबंध की प्रस्तुति की सफलता तथा गुणवत्ता, शोधार्थी के मौलिक शोधपरक हिंदी भाषा के प्रयोग की क्षमता पर निर्भर करती है । अधिकांश हिंदेतर भाषी शोधार्थी भाषा कौशल के अभाव में मौलिक रूप से शोध प्रबंध लेखन में कठिनाई का अनुभव करते हैं जिसका मूल कारण उनका अपर्याप्त भाषा ज्ञान, अपर्याप्त भाषा कौशल होता है । हिंदेतर भाषी छात्रों की उत्तर भारतीय सांस्कृतिक संदर्भों को समझने में कठिनाई का अनुभाव होता है जिसकी व्याख्या साहित्यिक शोध में आवश्यक होती है । अधिकांश हिंदेतर भाषी शोधार्थियों के लेखन में कारक चिह्नों के प्रयोग तथा संयुक्त

8

क्रिया पदों के प्रयोग की समस्या स्पष्ट परिलक्षित होती है । शोध प्रबंध लेखन में शोध कि एक निर्दिष्ट भाषा शैली की अपेक्षा की जाती है । शोधार्थी की भाषा में मौलिकता का गुण प्रधान होता है । विषयानुकूल भाषा नियोजन भी दक्षिण भारत में प्रमुख समस्या के रूप में विद्यमान है । इन समस्याओं का समाधान हिंदी भाषा शिक्षण प्रणाली में हिंदी भाषा के महत्व को स्वीकारते हुए शिक्षा प्रणाली में नीतिगत परिवर्तन करने की आवश्यकता है ।

आज हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषाओं में जारी संस्थागत शोध की गुणवत्ता पर अनेकों प्रश्न चिह्न लग रहे हैं । इसलिए गुणवत्ता में गिरावट के कारणों की जांच अपेक्षित है । संस्थागत शोध निर्धारित ( सीमित ) अवधिगत होते हैं इसलिए उस निर्धारित कालावधि में उपाधि हासिल करने हेतु जल्दबाज़ी में गुणवत्ता -विहीन शोध प्रबंधों को जमा करने की अनुमति दिये जाने के अनेक उदाहरण दृष्टव्य हैं । विश्वविद्यालयों एवं अन्य ऐसे ही शोध संस्थानों में प्रस्तुत किए जाने वाले शोध प्रबंधों की मूल्यांकन प्रणाली भी समस्या एवं संकटग्रस्त दिखाई देती है । शोध प्रबंधों के मूल्यांकन की समस्याएँ महत्वपूर्ण हैं जिनका निवारण संबंधित संगठन द्वारा अनुशासनयुक्त कड़े नियमों के अनुपालन से संभव है । विद्वानों का अभिप्राय है कि शोध के स्तर की गिरावट के लिए शोध प्रबंध मूल्यांकन की ढीली-ढाली प्रणाली जिम्मेदार है । एक तरह से दूषित और भ्रष्ट मूल्यांकन प्रणाली शोध के स्तर में गिरावट का कारण हो सकता है । हिंदी में शोधार्थियों की संख्या में निरंतर वृद्धि के कारण उपयुक्त शोध निर्देशकों का अभाव - एक प्रमुख समस्या है । दक्षिण भारत में हिंदी भाषा में निष्णात विषय विशेषज्ञों का अभाव, एक गंभीर समस्या है । संस्थागत शोध को सफल और उत्कृष्ट स्वरूप प्रदान करने में गुणवान और विद्वत्तापूर्ण शोध निर्देशक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है । शोध निर्देशक में हिंदी भाषा कौशल तथा भाषा ज्ञान का होना अति आवश्यक है । इन गुणों के अभाव में निर्देशक शोधार्थी को प्रभावपूर्ण मार्गदर्शन देने में असमर्थ सिद्ध होगा जिससे शोधार्थी का शोध कार्य प्रभावित होगा ।

हिंदेतर भाषी प्रदेशों में हिंदी भाषा कौशल को कारगर बनाने के लिए हिंदी भाषा शिक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए और भाषा शिक्षण की विशेष व्यवस्था विकसित कर हिंदी भाषा शिक्षण की एक गुणवत्तापूर्ण प्रणाली को शिक्षा के सभी स्तरों पर लागू करने की योजना बनाने के लिए सरकारी और गैरसरकारी संगठनों को संप्रेरित करना चाहिए । हिंदेतर प्रदेश के हिंदी छात्रों तथा शोधार्थियों में भाषा प्रवीणता विकसित करने के लिए सभी संभव प्रयास आवश्यक हैं जिसके अंतर्गत विशेष प्रशिक्षण योजनाओं का कार्यान्वयन शामिल

हो । भारत की बहुभाषिक सामाजिक स्थिति के संदर्भ में हिंदी के जातीय महत्व स्थिरता प्रदान करने के लिए हिंदी भाषा शिक्षण को अनिवार्य बनाया जाना चाहिए । हिंदी रोजगार का प्रभावी और महत्वपूर्ण साधन तथा माध्यम है इसलिए इसके प्रति सरकारी और गैरसरकारी व्यवस्था तंत्र में जागरूकता लाना अनिवार्य है ।

प्रो एम वेंकटेश्वर

पूर्व -अध्यक्ष

हिंदी एवं भारत अध्ययन विभाग

अंग्रेज़ी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय

हैदराबाद ।